Monday, April 27, 2026
HomeTop Storiesबिहार: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने की नगर विकास और पर्यटन विभाग की...

बिहार: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने की नगर विकास और पर्यटन विभाग की बड़ी समीक्षा

पटना मेट्रो और पीएम आवास को लेकर दिए कड़े निर्देश

पटना। बिहार के मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी ने राज्य में विकास कार्यों की गति बढ़ाने के उद्देश्य से नगर विकास एवं आवास विभाग, पंचायती राज विभाग और पर्यटन विभाग की एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। मुख्यमंत्री सचिवालय स्थित ‘संवाद’ में आयोजित इस बैठक में उन्होंने अधिकारियों को दो टूक निर्देश दिए कि जनकल्याणकारी योजनाओं में तेजी और पारदर्शिता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।

​बैठक का मुख्य केंद्र राजधानी पटना का यातायात रहा। मुख्यमंत्री ने पटना मेट्रो रेल प्रोजेक्ट की प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्देश दिया कि:

पटना रेलवे जंक्शन तक मेट्रो का कार्य प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण किया जाए।

मलाही पकड़ी से राजेंद्र नगर टर्मिनल तक के कॉरिडोर को जल्द से जल्द चालू करने के निर्देश दिए गए।

उन्होंने कहा कि आई०एस०बी०टी०, राजेंद्र नगर टर्मिनल और पटना जंक्शन के मेट्रो से जुड़ जाने से आम जनता को आवागमन में अभूतपूर्व सुविधा मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने सामाजिक सुरक्षा और बुनियादी ढांचे पर जोर देते हुए कहा:

प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी): शहर के एक भी बेघर परिवार को पक्का आवास मिलने में देरी न हो। बचे हुए लोगों को तेजी से घर आवंटित किए जाएं।

ठोस अपशिष्ट प्रबंधन: कचरा प्रबंधन को और बेहतर बनाने के लिए पी०पी०पी० (PPP) मॉडल अपनाने का निर्देश दिया गया ताकि कचरे का सदुपयोग और निस्तारण आधुनिक तरीके से हो सके।

गंगा की सफाई: निर्माणाधीन सीवरेज शोधन संयंत्रों (STP) के कार्य में तेजी लाने और सीवरेज नेटवर्क के विस्तार पर बल दिया गया।

​मुख्यमंत्री ने ग्रामीण क्षेत्रों के लिए भी महत्वपूर्ण विजन साझा किया:

मुख्यमंत्री ग्रामीण सोलर स्ट्रीट लाइट योजना: जो लाइटें लग चुकी हैं, वे हर हाल में फंक्शनल रहनी चाहिए। इसके लिए एक आधुनिक मॉनीटरिंग सिस्टम विकसित करने को कहा गया है।

पंचायत सुरक्षा: प्रत्येक ग्राम पंचायत में सुरक्षा के मद्देनजर CCTV कैमरे लगाना सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

गया के जिलाधिकारी ने बैठक में महाबोधि मंदिर कॉरिडोर और विष्णुपद मंदिर कॉरिडोर (गयाजी) के समग्र विकास की विस्तृत कार्ययोजना प्रस्तुत की। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि आधारभूत संरचनाओं का निर्माण गुणवत्तापूर्ण और सुदृढ़ होना चाहिए।

इस महत्वपूर्ण बैठक में मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव श्री दीपक कुमार, मुख्य सचिव श्री प्रत्यय अमृत, नगर विकास विभाग के प्रधान सचिव श्री विनय कुमार समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

यह भी पढ़े

अन्य खबरे