Saturday, February 28, 2026
Homeबुडको ने शुरू किया 'मिशन प्रोजेक्ट कंप्लीशन': मानसून से पहले का लक्ष्य...

बुडको ने शुरू किया ‘मिशन प्रोजेक्ट कंप्लीशन’: मानसून से पहले का लक्ष्य निश्चित: 6 टीमें करेंगी जिलों का निरीक्षण

पटना | 27 फरवरी, 2026 बिहार के शहरों को जलजमाव की समस्या से मुक्ति दिलाने के लिए बिहार शहरी आधारभूत संरचना विकास निगम (BUIDCO) अब ‘एक्शन मोड’ में आ गया है। आगामी मानसून को देखते हुए बुडको के प्रबंध निदेशक श्री अनिमेष कुमार पराशर के निर्देश पर “मिशन प्रोजेक्ट कंप्लीशन” का बिगुल फूंक दिया गया है।

इसके तहत राज्य भर में चल रही ‘स्टॉर्म वाटर ड्रेनेज’ (निकासी नाला) योजनाओं की जमीनी हकीकत परखने के लिए 6 उच्चस्तरीय जांच टीमों का गठन किया गया है।

शनिवार और रविवार: दफ्तर नहीं, फील्ड में होंगे अफसर: नए आदेश के मुताबिक, बुडको के इंजीनियर और अधिकारी अब सप्ताह के सातों दिन अलर्ट पर रहेंगे।

* सोमवार से शुक्रवार: कार्यालय के कार्यों का निष्पादन और फाइलों का निपटारा। * शनिवार और रविवार: अनिवार्य रूप से फील्ड विजिट और निर्माण कार्यों का भौतिक निरीक्षण।

कल 6 जिलों में एक साथ होगी ‘सर्जिकल स्ट्राइक’: कल, यानी 28 फरवरी (शनिवार) को गठित 6 टीमें एक साथ अलग-अलग जिलों में मोर्चा संभालेंगी। पहले चरण में पूर्णिया, शिवहर, जहानाबाद, दरभंगा, मुजफ्फरपुर और कटिहार में चल रही योजनाओं की सघन जांच की जाएगी।

अगले हफ्ते इन टीमों को दूसरे जिलों की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी, ताकि प्रदेश के सभी 38 जिलों की योजनाओं की मॉनिटरिंग सुनिश्चित हो सके

इन 5 बिंदुओं पर टिकी होगी जांच की नजर: प्रबंध निदेशक के निर्देशानुसार, जांच टीमें केवल दौरा नहीं करेंगी बल्कि निम्नलिखित मानकों पर अपनी रिपोर्ट तैयार करेंगी।

सुरक्षात्मक व्यवस्था: निर्माण स्थल पर बैरिकेडिंग और सुरक्षा मानकों का पालन हो रहा है या नहीं।

गुणवत्ता (Quality): निर्माण सामग्री और काम की क्वालिटी में कोई समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

जियो-टैगिंग: मौके से जियो-टैग फोटो और नक्शे के साथ प्रगति रिपोर्ट जमा करनी होगी।

कनेक्टिविटी: क्या नालों का कनेक्शन सही है? तकनीकी खामियों को मौके पर ही चिन्हित किया जाएगा।

त्वरित समाधान: फील्ड में आ रही बाधाओं का मौके पर ही निपटारा कर काम की रफ्तार बढ़ाई जाएगी।

MD खुद करेंगे औचक निरीक्षण: सभी टीमें अपनी विस्तृत रिपोर्ट मुख्यालय को सौंपेंगी। इसके बाद, रिपोर्ट की सत्यता जांचने और वस्तुस्थिति समझने के लिए प्रबंध निदेशक स्वयं किसी भी जिले का औचक निरीक्षण (Surprise Inspection) कर सकते हैं। लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई के भी संकेत दिए गए हैं।

मुख्य टीमें और उनके गंतव्य (28 फरवरी):

* पूर्णिया: मुख्य महाप्रबंधक श्री रामा शंकर प्रसाद एवं टीम।

* शिवहर: महाप्रबंधक (यांत्रिक) श्री सुदर्शन प्रसाद एवं टीम।

* जहानाबाद: महाप्रबंधक श्री सरेंद्र कुमार मेहता एवं टीम।

* दरभंगा: महाप्रबंधक (यांत्रिक) श्री अशोक कुमार एवं टीम।

* मुजफ्फरपुर: परियोजना निदेशक श्री अशोक कुमार एवं टीम।

* कटिहार: परियोजना निदेशक (यांत्रिक) श्री निशांत कुमार एवं टीम।

यह भी पढ़े

अन्य खबरे