G-HMMWBCZ928
Sunday, October 25, 2026
HomeTop Storiesपटना में अतिक्रमण हटाओ अभियान लगातार छठे दिन जारी, ₹15,600 का जुर्माना...

पटना में अतिक्रमण हटाओ अभियान लगातार छठे दिन जारी, ₹15,600 का जुर्माना वसूला

पटना। आयुक्त, पटना प्रमंडल डॉ. चन्द्रशेखर सिंह के निर्देश पर पटना शहर में लगातार छठे दिन अतिक्रमण उन्मूलन मल्टी-एजेंसी विशेष अभियान चलाया गया। विभिन्न नगर निकायों में चल रहे इस अभियान पर आयुक्त स्वयं नजर रख रहे हैं और नियमित समीक्षा कर रहे हैं। उन्होंने सभी अनुमंडल पदाधिकारियों (एसडीओ) और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों (एसडीपीओ) को निर्देश दिया है कि अभियान का नियमित पर्यवेक्षण करें और पुनः अतिक्रमण रोकने के लिए फॉलो-अप टीम लगातार सक्रिय रहे।

शनिवार को पटना नगर निगम के नूतन राजधानी अंचल में गांधी मैदान गेट नंबर 12 से गेट नंबर 5 तक अस्थायी अतिक्रमण हटाया गया और ₹500 का जुर्माना वसूला गया। पाटलिपुत्र अंचल में ज्ञान भवन से कारगिल चौक होते हुए बिस्कोमान भवन तक कार्रवाई की गई, जिसमें ₹1,000 का जुर्माना वसूला गया। कंकड़बाग अंचल में ओल्ड बाईपास भूतनाथ रोड से अतिक्रमण हटाया गया और ₹11,600 का जुर्माना लगाया गया। वहीं, नगर परिषद दानापुर निजामत क्षेत्र में रूपसपुर नहर से गोला रोड तक कार्रवाई करते हुए 12 अवैध पोस्टर/बैनर हटाए गए और ₹2,500 का जुर्माना वसूला गया। कुल मिलाकर विभिन्न अंचलों में ₹15,600 का जुर्माना वसूल किया गया।

अभियान में प्रशासन, नगर निगम, ट्रैफिक पुलिस, परिवहन, राजस्व, पथ निर्माण, स्वास्थ्य, पुलिस, अग्निशमन, पुल निर्माण निगम, दूरसंचार, वन प्रमंडल और विद्युत विभाग सहित कई एजेंसियों के पदाधिकारी व कर्मी शामिल रहे।

आयुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि अभियान में व्यवधान डालने वालों के विरुद्ध विधि-सम्मत और आवश्यकतानुसार कानूनी कार्रवाई की जाए। उन्होंने यातायात पुलिस को अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान विशेष वाहन चेकिंग भी करने को कहा।

पुनः अतिक्रमण रोकने के लिए जिला पदाधिकारी पटना डॉ. त्यागराजन एस.एम. के नेतृत्व में पाँच सदस्यीय मॉनिटरिंग सेल का गठन किया गया है, जिसमें पुलिस, नगर निगम और प्रशासन के वरीय अधिकारी शामिल हैं।

आयुक्त ने स्पष्ट किया कि सुव्यवस्थित यातायात प्रबंधन प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और अतिक्रमण या यातायात नियमों के उल्लंघन के मामलों में शून्य सहिष्णुता की नीति अपनाई जाएगी।

 

यह भी पढ़े

अन्य खबरे