G-HMMWBCZ928
Saturday, September 26, 2026
Homeअपराधमामूली कारण यानी दरवाजा खोलने में देरी होने पर तीन मासूम सगे...

मामूली कारण यानी दरवाजा खोलने में देरी होने पर तीन मासूम सगे भतीजे-भतीजी की गला रेत कर हत्या

औरंगाबाद (बिहार): बिहार के औरंगाबाद जिले से एक ऐसी रूह कंपा देने वाली वारदात सामने आई है, जहाँ महज चंद मिनटों की देरी ने तीन मासूमों की जान ले ली। हसपुरा थाना क्षेत्र के खुटहन गांव में शुक्रवार की सुबह एक सनकी चाचा ने अपने ही तीन सगे भतीजे और भतीजी की गला रेतकर बेरहमी से हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने खुद भी अपनी जीवनलीला समाप्त करने की कोशिश की।

​
​घटना शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे की है। बताया जा रहा है कि आरोपी चाचा अपनी बाइक से कहीं बाहर गया था। जब वह घर लौटा और दरवाजा खटखटाया, तो उसकी भाभी अनीता देवी नहा रही थीं। इस कारण दरवाजा खोलने में कुछ मिनटों की देरी हो गई। बस इतनी सी बात पर आरोपी इस कदर आगबबूला हुआ कि उसने घर में घुसते ही खौफनाक मंजर पैदा कर दिया।

​आरोपी ने घर में घुसने के बाद सबसे पहले फुल साउंड में स्पीकर बजा दिया, ताकि मासूमों की चीखें घर के बाहर न सुनाई दें। इसके बाद उसने एक बड़े चाकू से बारी-बारी से तीनों बच्चों का गला काट दिया। मृतकों की पहचान इस प्रकार है:
​अनीश कुमार (10 वर्ष)
​आयुष कुमार (7 वर्ष)
​अनुष्का कुमारी (5 वर्ष)

​आरोपी की हालत गंभीर, पटना रेफर
​तीनों मासूमों को मौत के घाट उतारने के बाद आरोपी ने खुद का भी गला रेत लिया। उसे गंभीर हालत में पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहाँ से डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया है।

​पिता थे ड्यूटी पर, घर में मचा कोहराम
​बच्चों के पिता गुड्डू, जो ट्रेन की पैंट्री कार में खाना बनाने का काम करते हैं, घटना के वक्त ड्यूटी पर थे। घर में केवल मां और तीन बच्चे ही थे। बताया जा रहा है कि आरोपी की शादी न होने को लेकर अक्सर घर में विवाद होता रहता था, लेकिन किसी ने नहीं सोचा था कि एक छोटी सी बात पर वह इतना बड़ा कदम उठा लेगा।
​पुलिस ने मौके पर पहुँचकर जांच शुरू कर दी है और पूरे गांव में इस घटना के बाद मातम पसरा हुआ है।

यह भी पढ़े

अन्य खबरे