Sunday, May 31, 2026
HomeTop Storiesपटना नगर निगम में सभी अंचल में हर महीने दो मंगलवार को...

पटना नगर निगम में सभी अंचल में हर महीने दो मंगलवार को लगेगा “सहयोग शिविर”

पटना | ३१ मई, २०२६
बिहार सरकार की जन-शिकायत निवारण और सुशासन को मजबूत करने की पहल के तहत पटना नगर निगम क्षेत्र में एक बड़ी शुरुआत होने जा रही है। आम जनता की समस्याओं के त्वरित और प्रभावी समाधान के लिए अब हर महीने के पहले और तीसरे मंगलवार को पटना नगर निगम के सभी अंचलों (ज़ोन) में “सहयोग शिविर” का आयोजन किया जाएगा।

मुख्यमंत्री के जन-केंद्रित और जवाबदेह प्रशासनिक व्यवस्था के संकल्प को जमीन पर उतारने के लिए आगामी २ जून २०२६ (मंगलवार) को सुबह १०:०० बजे पहला सहयोग शिविर आयोजित होने जा रहा है।

२ जून को इन निर्धारित स्थलों पर लगेंगे शिविर:
पटना नगर निगम ने पहले शिविर के लिए सभी अंचलों में वार्डवार निम्नलिखित स्थल तय किए हैं:

नूतन राजधानी अंचल: मुरलीचक प्राथमिक विद्यालय, जगदेव पथ

पाटलिपुत्र अंचल: गुरु सहाय लेन, सामुदायिक भवन

बांकीपुर अंचल: सामुदायिक भवन, कदमकुआं

कंकड़बाग अंचल: जल संसाधन कार्यालय (करबिगहिया बिजली ऑफिस के सामने)

अजीमाबाद अंचल: उर्दू मध्य विद्यालय, नरकट घाट

पटना सिटी अंचल: विश्वकर्मा सामुदायिक भवन, बाहरी बेगमपुर मंडी

३० दिन पहले से शिकायतें लेने की व्यवस्था, डिजिटल माध्यम भी उपलब्ध

इस बार व्यवस्था को केवल कागजी खानापूर्ति से बचाने के लिए नगर निगम ने खास तैयारी की है:

पहले से तैयारी: सहयोग शिविर के आयोजन से ३० दिन पहले से ही आवेदन और शिकायतें लेने की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी, ताकि शिविर के दिन तक अधिकारी उस पर की गई प्रारंभिक कार्रवाई की अपडेटेड रिपोर्ट के साथ तैयार रहें।

यहाँ दर्ज कराएं शिकायत: नागरिक अपनी शिकायतें पास के अंचल कार्यालय में जमा कर सकते हैं। इसके अलावा घर बैठे वॉट्सऐप चैटबॉट नंबर ९२६४४४७४४९ और टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर १५५३०४ पर भी शिविर से पहले अपनी समस्या दर्ज करा सकते हैं।

समय पर मिलेगी रिपोर्ट: सभी शिकायतों का बाकायदा डिजिटल पंजीकरण होगा और की गई कार्रवाई की रिपोर्ट तय समय में आवेदक को दी जाएगी।

ग्राउंड पर मौजूद रहेंगे निगम कर्मी और जनप्रतिनिधि
शिविरों को परिणामोन्मुख बनाने के लिए हर वार्ड के टैक्स कलेक्टर (कर संग्राहक), सफाई पर्यवेक्षक और सफाई निरीक्षक की उपस्थिति अनिवार्य की गई है। अंचल के कार्यपालक पदाधिकारी और मुख्यालय के सीनियर अधिकारी खुद इसकी मॉनिटरिंग करेंगे।

इसके साथ ही जनसहभागिता बढ़ाने के लिए इन शिविरों में स्थानीय सांसद, विधायक, महापौर (मेयर), उप महापौर और वार्ड पार्षदों को भी आमंत्रित किया गया है, जिनकी मौजूदगी में समस्याओं का निपटारा होगा।

निगम की अपील: पटना नगर निगम ने सभी शहरवासियों से अपील की है कि वे अपने क्षेत्र में आयोजित होने वाले इन ‘सहयोग शिविरों’ में पहुँचकर अपनी नागरिक समस्याओं को दर्ज कराएं और इस व्यवस्था का पूरा लाभ उठाएं।

यह भी पढ़े

अन्य खबरे