G-HMMWBCZ928
Tuesday, September 29, 2026
HomeTop Storiesवेस्ट-टू-एनर्जी परियोजना की प्रगति की नगर आयुक्त ने की समीक्षा

वेस्ट-टू-एनर्जी परियोजना की प्रगति की नगर आयुक्त ने की समीक्षा

वेस्ट-टू-एनर्जी परियोजना की प्रगति की नगर आयुक्त ने की समीक्षा

लीगेसी वेस्ट के निष्पादन में तेजी लाने और नवंबर तक कार्य पूर्ण करने के निर्देश

रामाचक बैरिया में 15 मेगावाट क्षमता का वेस्ट-टू-एनर्जी संयंत्र होगा स्थापित, 13 नगर निकायों के कचरे का होगा वैज्ञानिक प्रबंधन*

29 सितंबर 2026 | पटना

पटना नगर निगम द्वारा ठोस अपशिष्ट के वैज्ञानिक प्रबंधन और कचरे से ऊर्जा उत्पादन की दिशा में संचालित वेस्ट-टू-एनर्जी परियोजना की प्रगति की समीक्षा मंगलवार को नगर आयुक्त यशपाल मीणा की अध्यक्षता में की गई। बैठक में परियोजना के विभिन्न घटकों की वर्तमान स्थिति, लीगेसी वेस्ट के निष्पादन, निर्माण कार्य की तैयारियों और निर्धारित समय-सीमा के अनुरूप कार्यों को पूर्ण करने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में नगर निगम के वरीय पदाधिकारी एवं अभियंता, परियोजना के क्रियान्वयन के लिए गठित एसपीवी Magadh Sustainable Resource Recovery Ecopark Pvt Ltd के प्रतिनिधि तथा लीगेसी वेस्ट के निष्पादन में जुटी नैकॉफ (NACOF), ईकोस्टान (ECOSTAN) और पाथ्या (Pathya) के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

नगर आयुक्त ने सभी संबंधित एजेंसियों को कार्यों में तेजी लाने, आपसी समन्वय बनाए रखने और निर्धारित समय-सीमा के भीतर लक्ष्य हासिल करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि परियोजना के निर्माण कार्य को गति देने के लिए लीगेसी वेस्ट का निष्पादन प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाना आवश्यक है। इस क्रम में संबंधित कंपनियों को नवंबर माह के अंत तक लीगेसी वेस्ट ट्रीटमेंट का कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिया गया।

संवैधानिक संस्थाओं को राजनीति के लिए कटघरे में खड़ा न करे कांग्रेस: महापौर सीता साहू

लीगेसी वेस्ट निष्पादन की वर्तमान स्थिति

वेस्ट-टू-एनर्जी परियोजना के अंतर्गत रामाचक बैरिया में अत्याधुनिक एकीकृत ठोस अपशिष्ट प्रबंधन परिस एवं बिजली उत्पादन के लिए संयत्र विकसित किया जाना है। इसके लिए उपलब्ध भूमि को निर्माण योग्य बनाने के उद्देश्य से वर्षों से जमा लीगेसी वेस्ट का वैज्ञानिक तरीके से निष्पादन किया जा रहा है।

पटना नगर निगम द्वारा नैकॉफ को बैरिया में 6 लाख घनमीटर लीगेसी वेस्ट के निष्पादन के साथ 22 एकड़ भूमि को खाली कराने का कार्यादेश दिया गया था। एजेंसी द्वारा आवंटित कचरे का निष्पादन पूरा करते हुए अब तक 21 एकड़ भूमि खाली कराई जा चुकी है।

वहीं, ईकोस्टान द्वारा लगभग 14 एकड़ भूमि पर जमा 8 लाख घनमीटर कचरे का बायोरीमीडियेशन किया जा रहा है। कंपनी ने अब तक लगभग 1.5 लाख घनमीटर कचरे का निष्पादन पूरा कर लिया है। दूसरी ओर, पाथ्या द्वारा 7 एकड़ भूमि पर जमा 5 लाख घनमीटर लीगेसी वेस्ट के निष्पादन का कार्य किया जा रहा है, जिसमें लगभग 50 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है।

नगर आयुक्त ने सभी एजेंसियों को शेष कार्यों की नियमित निगरानी करते हुए संसाधनों को बढ़ाने का निर्देश दिया, ताकि परियोजना के अगले चरण के लिए भूमि समय पर उपलब्ध कराई जा सके।

समीक्षा बैठक में नगर आयुक्त ने परियोजना से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण कार्यों को भी समयबद्ध तरीके से पूरा करने पर जोर दिया। इस क्रम में रामकी को विस्तृत प्रोजेक्ट प्लान एवं कार्यों के माइलस्टोन शीघ्र समर्पित करने का निर्देश दिया गया। साथ ही, संबंधित पदाधिकारियों को परियोजना स्थल का संयुक्त निरीक्षण कर वास्तविक प्रगति एवं शेष कार्यों की स्थिति पर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा गया।

परियोजना के पर्यावरणीय मानकों के अनुपालन को सुनिश्चित करने के लिए विशेषज्ञों को आवश्यक पर्यावरणीय स्वीकृतियों (Environmental Clearances) से संबंधित प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण करने का निर्देश भी दिया गया।

पितृपक्ष मेला पुनपुन में श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता

क्या है वेस्ट-टू-एनर्जी परियोजना?

पटना नगर निगम सहित पटना क्लस्टर के 13 नगर निकायों के ठोस अपशिष्ट के वैज्ञानिक प्रसंस्करण, पुनर्चक्रण योग्य सामग्रियों की पुनर्प्राप्ति, जैविक अपशिष्ट का उपयोग तथा अपशिष्ट से ऊर्जा उत्पादन के लिए रामचक बैरिया में वेस्ट टू एनर्जी प्लांट लगया जाएगा

परियोजना के अंतर्गत निम्नलिखित प्रमुख अवसंरचनाओं का निर्माण किया जाएगा-

15 मेगावाट क्षमता का वेस्ट-टू-एनर्जी संयंत्र: उपयुक्त अपशिष्ट का प्रसंस्करण कर विद्युत ऊर्जा का उत्पादन किया जाएगा।

100 टन प्रतिदिन क्षमता का बायो-मीथेनेशन प्लांट: जैविक (गीले) कचरे से बायोगैस एवं अन्य उपयोगी उत्पाद तैयार किए जाएंगे।

तीन मटेरियल रिकवरी फैसिलिटी (MRF) सह RDF केंद्र: प्रत्येक की क्षमता 250 टन प्रतिदिन होगी। यहां कचरे से पुनर्चक्रण योग्य सामग्रियों को अलग करने के साथ ईंधन के रूप में उपयोगी रिफ्यूज डिराइव्ड फ्यूल (RDF) तैयार किया जाएगा।

50 टन प्रतिदिन क्षमता की अतिरिक्त मटेरियल रिकवरी फैसिलिटी (MRF): पुनर्चक्रण योग्य कचरे की छंटाई कर उसे दोबारा उपयोग के लिए तैयार किया जाएगा।

पटना नगर निगम का टैक्स कलेक्शन अभियान: PMCH सरकारी और मेदांता गैर-सरकारी क्षेत्र में बने सबसे बड़े करदाता

700 टन प्रतिदिन क्षमता का कम्पोस्टिंग प्लांट: गीले कचरे का वैज्ञानिक प्रसंस्करण कर जैविक खाद (कम्पोस्ट) तैयार की जाएगी।

325 टन प्रतिदिन क्षमता का इंजीनियर्ड सैनिटरी लैंडफिल: उपचार के बाद शेष बचे अपशिष्ट का सुरक्षित एवं पर्यावरणीय मानकों के अनुरूप निस्तारण किया जाएगा।

परियोजना के निर्माण कार्य को निर्धारित दो वर्ष छह माह की अवधि में पूरा करने का लक्ष्य है। निर्माण पूर्ण होने के बाद चयनित एजेंसी द्वारा संपूर्ण परिसर का 20 वर्षों तक संचालन एवं अनुरक्षण किया जाएगा। इस महत्वाकांक्षी परियोजना पर लगभग ₹514.59 करोड़ की लागत अनुमानित है।

13 नगर निकायों के कचरे का होगा एकीकृत प्रबंधन

इस परियोजना के अंतर्गत पटना क्लस्टर के कुल 13 नगर निकायों से निकलने वाले ठोस अपशिष्ट का एकीकृत रूप से प्रबंधन किया जाएगा। इनमें पटना नगर निगम, दानापुर निजामत नगर परिषद, फतुहा नगर परिषद, खगौल नगर परिषद, फुलवारी नगर परिषद, बख्तियारपुर नगर परिषद, मसौढ़ी नगर परिषद, बिहटा नगर परिषद, संपतचक नगर परिषद, मनेर नगर परिषद, नौबतपुर नगर पंचायत, पुनपुन नगर पंचायत तथा खुसरूपुर नगर पंचायत शामिल हैं।

परियोजना के पूर्ण होने से इन सभी नगर निकायों में ठोस अपशिष्ट के वैज्ञानिक प्रसंस्करण एवं निस्तारण की एकीकृत व्यवस्था विकसित होगी। इससे कचरे के अधिकतम उपयोग, संसाधनों की पुनर्प्राप्ति और पर्यावरणीय मानकों के अनुरूप अपशिष्ट प्रबंधन को बढ़ावा मिलेगा।

यह भी पढ़े

अन्य खबरे