पटना। मानसून के दौरान राजधानी को जलजमाव से मुक्त रखने और त्वरित जल निकासी सुनिश्चित करने के लिए पटना नगर निगम और नगर विकास विभाग ने कमर कस ली है। इसी कड़ी में सोमवार को नगर विकास एवं आवास विभाग के सचिव-सह-बुडको एमडी श्री अनिमेष कुमार पराशर और नगर आयुक्त श्री यशपाल मीणा ने न्यू मार्केट, जीपीओ और आर-ब्लॉक क्षेत्र का संयुक्त औचक निरीक्षण किया।
अधिकारियों ने जमीनी हकीकत जानने के लिए जीपीओ के पास बने बॉक्स ड्रेन का स्लैब हटवाकर उसकी गहराई और सफाई की जांच की, जो संतोषजनक पाई गई।
लस्सी गली के दुकानदारों की परेशानी सुन दिए निर्देश
निरीक्षण के दौरान अधिकारी जब न्यू मार्केट स्थित ‘लस्सी गली’ पहुंचे, तो स्थानीय दुकानदारों ने अपनी समस्याएं साझा कीं। दुकानदारों ने बताया कि मुख्य सड़क की तुलना में लस्सी गली का स्तर करीब ढाई फीट नीचे है। इस वजह से बारिश का पानी यहाँ जमा हो जाता है और व्यापार पूरी तरह प्रभावित होता है।
समस्या की गंभीरता को देखते हुए अधिकारियों ने पथ निर्माण विभाग (RCD) के अभियंताओं को निर्देश दिया कि वे न्यू मार्केट क्षेत्र में जलजमाव के स्थायी समाधान के लिए एक विस्तृत कार्ययोजना (Master Plan) तैयार कर जल्द से जल्द काम शुरू करें।
जलनिकासी को बेहतर बनाने के लिए उठाए जा रहे ये कदम:
- चंद्रकला गली को बॉक्स ड्रेन से जोड़ा जाएगा: बुडको के परियोजना निदेशक को निर्देश दिया गया है कि चंद्रकला गली में ह्यूम पाइप बिछाकर उसे जीपीओ के पास वाले बड़े बॉक्स ड्रेन से जोड़ा जाए।
- पार्क के पास बना कच्चा नाला: वीर कुंवर सिंह पार्क के पास नाले की क्षमता कम होने से जलजमाव होता था। इसके अस्थायी समाधान के लिए नगर निगम ने एक कच्चे नाले का निर्माण कर उसे सर्पेंटाइन नाले के बॉक्स कल्वर्ट से जोड़ा है। अधिकारियों ने इसके आउटफॉल को और साफ करने का निर्देश दिया।
- हाई-पावर पंपों की तैनाती: लस्सी गली में 10 HP और चंद्रकला गली में 26 HP क्षमता के नए पंप लगाए गए हैं ताकि बारिश होते ही पानी को तुरंत खींचा जा सके।
इस संयुक्त निरीक्षण के दौरान नूतन राजधानी अंचल के कार्यपालक पदाधिकारी, बुडको के परियोजना निदेशक, पथ निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
