Monday, February 23, 2026
HomeTop Storiesपटना प्रशासन पूरी तरह अलर्ट, बाढ़ प्रभावितों के लिए सामुदायिक रसोई, राहत...

पटना प्रशासन पूरी तरह अलर्ट, बाढ़ प्रभावितों के लिए सामुदायिक रसोई, राहत शिविर और नावों की व्यवस्था

पटना, 10 अगस्त 2025 — गंगा नदी के जलस्तर में बढ़ोतरी से पटना जिले के 7 प्रखंडों — अथमलगोला, बाढ़, दानापुर, दनियावां, मनेर, मोकामा और पटना सदर — के 24 पंचायतों में लगभग 99,569 की आबादी प्रभावित हुई है। जिलाधिकारी, पटना के निर्देश पर जिला प्रशासन राज्य सरकार की मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) के अनुरूप राहत एवं बचाव कार्य चला रहा है।

राहत कार्य और सुविधाएं

प्रभावित लोगों के लिए 6 सामुदायिक रसोई केंद्रों से अब तक 26,000 थाल भोजन उपलब्ध कराया गया है। 2 बाढ़ राहत शिविरों में 1,306 लोगों के लिए आवास और भोजन की व्यवस्था है। जरूरतमंद परिवारों को 5,172 ड्राई राशन पैकेट और 5,383 पॉलीथीन शीट वितरित की गई हैं।

आवागमन सुचारू रखने के लिए 104 नावें चल रही हैं, साथ ही एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की एक-एक टीम तैनात है। प्रशासन ने 235 निजी नावों से अनुबंध, 265 गोताखोरों का प्रशिक्षण, 270 लाइफ जैकेट, 4 जीपीएस सेट और 5 इन्फ्लेटेबल लाइट सिस्टम की व्यवस्था की है।

सामुदायिक रसोई केंद्रों का संचालन

अथमलगोला, बाढ़, मोकामा और दानापुर अंचलों में एक-एक और पाटलिपुत्रा अंचल में दो सामुदायिक रसोई केंद्र चल रहे हैं। इनमें मध्य विद्यालय सबनीमा, प्राथमिक मध्य विद्यालय कचहरी बाढ़, प्रखंड परिसर मोकामा, बिंद टोली (जेपी गंगा पथ), दीघा घाट (जेपी गंगा पथ) और बलदेवा हाई स्कूल दानापुर शामिल हैं।

प्रशासन की प्राथमिकता — सुरक्षा और राहत

जिलाधिकारी ने कहा, “बाढ़ प्रभावितों के जान-माल की सुरक्षा और समय पर राहत पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।” उन्होंने अधिकारियों को नाव संचालन में सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन और प्रभावित क्षेत्रों में निरंतर भ्रमण का निर्देश दिया है।

सतत निगरानी और जनसंवाद

सभी अनुमंडल पदाधिकारी, अंचलाधिकारी और प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रतिदिन बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण कर रहे हैं और स्थानीय लोगों से संवाद कर त्वरित कार्रवाई कर रहे हैं। जिला आपदा प्रबंधन तंत्र पूरी तरह सक्रिय है।

आपातकालीन संपर्क

किसी भी आवश्यकता पर नागरिक डायल-112, जिला आपातकालीन संचालन केंद्र (0612-2210118) या 24×7 जिला नियंत्रण कक्ष (0612-2219810, 2219234) पर संपर्क कर सकते हैं।

यह भी पढ़े

अन्य खबरे