गोपालगंज
बिहार के गोपालगंज जिले से एक बेहद चौंकाने वाली और बड़ी खबर सामने आ रही है। बॉलीवुड के मशहूर अभिनेता पंकज त्रिपाठी के बड़े भाई बिजेंद्र नाथ तिवारी पर अज्ञात बदमाशों ने जानलेवा हमला किया है। घटना के बाद इलाके में भारी सनसनी और तनाव का माहौल है। गंभीर रूप से जख्मी बिजेंद्र तिवारी को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए एम्स (AIIMS) पटना रेफर किया गया है, जहाँ उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
पैतृक गांव बेलसंड में घटी घटना
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह पूरी वारदात गोपालगंज जिले के बरौली थाना (स्थानीय माधोपुर थाना क्षेत्र) के अंतर्गत आने वाले उनके पैतृक गांव बेलसंड में घटी। बताया जा रही है कि अज्ञात हमलावरों ने अचानक बिजेंद्र नाथ तिवारी पर धारदार हथियार से हमला बोल दिया। हमलावरों ने उनके शरीर पर कई वार किए, जिससे वे लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़े। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
पुरानी रंजिश की आशंका, AIIMS पटना रेफर
घटना के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीणों और परिजनों ने आनन-फानन में उन्हें गोपालगंज सदर अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति और गहरे जख्मों को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद तुरंत पटना रेफर कर दिया। स्थानीय सूत्रों और पुलिस की शुरुआती जांच में इस जानलेवा हमले के पीछे किसी पुरानी रंजिश या आपसी विवाद की आशंका जताई जा रही है।
पुलिस की कार्रवाई और SIT का गठन
वारदात की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस प्रशासन तुरंत हरकत में आया और घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की छानबीन शुरू कर दी। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, कुछ संदिग्धों की पहचान कर ली गई है। आरोपियों की त्वरित गिरफ्तारी के लिए एक विशेष टीम (SIT) का गठन किया गया है, जो संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही सभी हमलावरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। एहतियात के तौर पर गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
