पटना | 14 मार्च, 2026
राजधानी पटना के खेल प्रेमियों और फिटनेस के प्रति जागरूक नागरिकों के लिए कल की सुबह बेहद खास होने वाली है। भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के अंतर्गत भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI), पटना द्वारा 15 मार्च (रविवार) को ‘फिट इंडिया कार्निवल’ का भव्य आयोजन किया जा रहा है।
राजधानी की सड़कों पर दिखेगा मिनी ओलंपिक का नजारा
यह कार्निवल मोइन-उल-हक स्टेडियम रोड पर प्रेमचंद गोलंबर से मैकडोनाल्ड गोलंबर के बीच आयोजित होगा। सुबह 6:00 बजे से 9:00 बजे तक चलने वाले इस महोत्सव में पटना की सड़कों पर विभिन्न खेलों का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा। कार्यक्रम में वुशु, एथलेटिक्स, कबड्डी, फुटबॉल, बॉक्सिंग, कराटे और ताइक्वांडो जैसे खेलों का लाइव प्रदर्शन किया जाएगा।
स्वस्थ जीवनशैली के लिए अनूठी पहल
भारतीय खेल प्राधिकरण, पटना के केंद्र प्रभारी श्री सोमेश्वर राव चव्हाण ने बताया कि इस आयोजन का मूल उद्देश्य आम जनता, विशेषकर युवाओं और विद्यार्थियों को एक स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने कहा कि “फिट इंडिया” केवल एक नारा नहीं, बल्कि एक संकल्प है जिसे जन-आंदोलन बनाने की आवश्यकता है।
