लोकनायक जयप्रकाश नारायण की पुण्यतिथि पर डॉ. प्रेम कुमार ने दी श्रद्धांजलि
आज बिहार विधान सभा के माननीय अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने अपने कार्यालय कक्ष में संपूर्ण क्रांति के प्रणेता एवं महान स्वतंत्रता सेनानी लोकनायक जयप्रकाश नारायण जी की पुण्यतिथि के अवसर पर उनके तैलचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी।
उन्होंने कहा कि भारत रत्न से सम्मानित जयप्रकाश नारायण भारतीय लोकतंत्र और नैतिक राजनीति के प्रखर प्रहरी थे। उन्होंने स्वतंत्रता आंदोलन में, विशेषकर 1942 के ‘भारत छोड़ो आंदोलन’ एवं ‘आजाद दस्ता’ के माध्यम से महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। स्वतंत्रता के पश्चात सत्ता से दूर रहकर उन्होंने सर्वोदय, ग्राम स्वराज और सामाजिक पुनर्निर्माण को अपना लक्ष्य बनाया।
डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि लोकनायक का जीवन हमें बताता है कि लोकतंत्र केवल सत्ता परिवर्तन नहीं, बल्कि नैतिकता, समानता और जनभागीदारी को सुदृढ़ करने की व्यवस्था है। बिहार की धरती के इस महान सपूत ने लोकतांत्रिक इतिहास में अमिट छाप छोड़ी है। उनका जीवन संघर्ष, त्याग और लोकसेवा की प्रेरणागाथा है, जो युवा पीढ़ी को राष्ट्रहित में सक्रिय रहने की प्रेरणा देती रहेगी।
इस अवसर पर सभा सचिवालय के वरीय पदाधिकारीगण उपस्थित रहे।
