गांधी व शास्त्री जयंती: बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने तैल चित्र पर माल्यार्पण कर दी श्रद्धांजलि
पटना। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर बिहार विधानसभा में एक विशेष श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। शुक्रवार (2 अक्टूबर) को बिहार विधानसभा के माननीय अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने अपने कार्यालय कक्ष में दोनों महान विभूतियों के तैल चित्रों पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
सत्य, अहिंसा और सादगी के मूल्य आज भी प्रासंगिक: डॉ. प्रेम कुमार
श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद अपने संबोधन में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि महात्मा गांधी का जीवन सत्य, अहिंसा, सादगी और सेवा भाव के प्रति अटूट प्रतिबद्धता का प्रतीक था। गांधी जी ने सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलकर भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन को एक नई दिशा और ऐतिहासिक नेतृत्व प्रदान किया। उनके विचार और जीवन-मूल्य आज भी पूरी मानवता के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं।
वहीं, देश के पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री का स्मरण करते हुए माननीय अध्यक्ष ने कहा कि शास्त्री जी ने सादगी, ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रसेवा का अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया। उनका पूरा जीवन देश के प्रति समर्पण और जिम्मेदारी की सीख देता है।
पितृपक्ष मेला-2026 श्रद्धा, सेवा, स्वच्छता और सुव्यवस्था का बनेगा आदर्श : डॉ. प्रेम कुमार
राष्ट्र निर्माण में ईमानदारी से निभाएं जिम्मेदारी
विधानसभा अध्यक्ष ने सभी से दोनों महापुरुषों के विचारों को अपनाने का आह्वान करते हुए कहा कि गांधी जी और शास्त्री जी के आदर्शों को जीवन में आत्मसात कर हमें राष्ट्र निर्माण में अपनी जिम्मेदारियों का पूरी ईमानदारी के साथ निर्वहन करना चाहिए।
विधानसभा सचिवालय के पदाधिकारी रहे उपस्थित
इस अवसर पर बिहार विधानसभा के प्रभारी सचिव संजय कुमार सिंह सहित सभा सचिवालय के कई वरीय पदाधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे, जिन्होंने भी दोनों महापुरुषों को अपने श्रद्धा सुमन अर्पित किए।
