बिहार की आंगनबाड़ी सेविका-सहायिकाओं का 28 सितंबर को लोक भवन मार्च
पटना, 25 सितंबर 2026
बिहार राज्य आंगनबाड़ी कर्मचारी यूनियन के आह्वान पर 28 सितंबर 2026 को पटना में विशाल लोक भवन मार्च का आयोजन किया जाएगा।
बिहार राज्य आंगनबाड़ी कर्मचारी यूनियन के महासचिव कुमार विन्देश्वर सिंह ने एक परिपत्र जारी कर इसकी जानकारी दी है। और इसमें अधिकाधिक आंगनबाड़ी सेविका-सहायिकाओं की भागीदारी का आह्वान किया गया हैं।
उनके द्वारा जारी परिपत्र में उन्होंने बताया है कि बिहार एटक के महासचिव अजय कुमार ने यूनियन के राज्य सम्मेलन के मंच से ही जनसंगठनों के प्रस्तावित लोक भवन मार्च में आंगनबाड़ी सेविका-सहायिकाओं की भागीदारी का आह्वान किया था।
इसी क्रम में आज आईसीडीएस निदेशालय, समाज कल्याण विभाग, बिहार सरकार के निदेशक को पत्र के माध्यम से औपचारिक रूप से सूचित कर दिया गया है कि प्रदेश भर की आंगनबाड़ी सेविका-सहायिकाएं अपनी मांगों के समर्थन में 28 सितंबर को लोक भवन (राज्यपाल कार्यालय के समक्ष) मार्च में शामिल होंगी।
सभी जिलों से जुटान की अपील
महासचिव ने सभी जिला एवं परियोजना कमेटी के अध्यक्ष और महासचिवों से अपील की है कि वे अपने-अपने जिले के डीपीओ, डीएम और सीडीपीओ को लिखित सूचना देते हुए अधिक से अधिक संख्या में सेविका-सहायिकाओं को मार्च में शामिल कराएं।
मार्च के लिए जुटान स्थल गांधी मैदान का गेट नंबर 10, राम गुलाम चौक तय किया गया है। सभी प्रतिभागियों को हर हाल में सुबह 11 बजे तक वहां पहुंचने को कहा गया है, क्योंकि ठीक 11 बजे मार्च वहां से लोक भवन के लिए प्रस्थान करेगा।
पटना : बिहार राज्य आंगनबाड़ी कर्मचारी यूनियन का छठा राज्य सम्मेलन संपन्न, नई कमेटी गठित
परिपत्र में यह भी अनुरोध किया गया है कि जहां तक संभव हो, सभी साथी अपना सदस्यता शुल्क और राज्य सम्मेलन का बकाया कोष भी साथ लेते आएं।
तारीख: 28 सितंबर 2026, रविवार
समय: सुबह 11 बजे
जुटान स्थल: गांधी मैदान गेट नंबर 10, राम गुलाम चौक, पटना
मार्च स्थल: लोक भवन (राज्यपाल कार्यालय के समक्ष), पटना
आयोजक: बिहार राज्य आंगनबाड़ी कर्मचारी यूनियन, एटक
इस मार्च को लेकर आंगनबाड़ी कर्मियों में उत्साह देखा जा रहा है।
