पटना | 31 जुलाई 2025:
मानसून के दौरान जलजमाव की समस्या झेल रहे पटना वासियों के लिए राहतभरी खबर है। बारिश के बाद नालियों और मैनहोल में अवरोध की बड़ी वजह बन रहे निर्माण एवं विध्वंस कचरे (C&D वेस्ट) को हटाने के लिए पटना नगर निगम एक विशेष सफाई अभियान शुरू कर रहा है।
नगर आयुक्त अनिमेष कुमार पराशर के निर्देश पर यह अभियान 1 अगस्त से अगले 5 दिनों तक शहर के सभी 75 वार्डों में चलेगा। इस कार्य के लिए प्रत्येक वार्ड में विशेष स्वच्छता दल गठित किए गए हैं, जो जेसीबी और ट्रकों की मदद से कचरे को साफ करेंगे।
कौन जीतेगा बिहार?/ वरिष्ठ पत्रकार अरुण कुमार पांडे/ विस्तृत चर्चा/
कंकड़बाग में मिला सबसे ज्यादा मलबा
नगर आयुक्त द्वारा किए गए क्षेत्रीय निरीक्षण व सर्वेक्षण में यह सामने आया कि कंकड़बाग इलाके में सबसे अधिक C&D वेस्ट जमा है, जो जलनिकासी में गंभीर बाधा उत्पन्न कर रहा है। इसके मद्देनजर कंकड़बाग को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है।
मुख्य निर्देश और कार्ययोजना:
-
हर वार्ड में विशेष स्वच्छता टीम, जो भारी मशीनों से मलबा उठाएगी।
-
C&D वेस्ट हटाने के साथ-साथ, भविष्य में इसे गलत जगह डालने से रोकने के लिए निगरानी कड़ी की जाएगी।
-
नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
नागरिक सहयोग की अपील
नगर निगम ने नागरिकों से अनुरोध किया है कि वे किसी भी सार्वजनिक स्थल, सड़क या नाले में निर्माण संबंधित मलबा न फेंकें। अगर कहीं ऐसी समस्या नजर आती है तो तुरंत नगर निगम की हेल्पलाइन 155304 पर सूचना दें।
यह अभियान न केवल शहर की खूबसूरती बढ़ाने के लिए अहम है बल्कि मानसून सीजन में जलभराव से राहत दिलाने के लिए भी एक जरूरी कदम साबित हो सकता है।
