पटना:
पटना नगर निगम क्षेत्र में सफाई कर्मियों के एक वर्ग की हड़ताल के बावजूद शहर की स्वच्छता व्यवस्था को पटरी पर बनाए रखने के लिए नगर निगम प्रशासन युद्धस्तर पर जुटा हुआ है। एक तरफ जहां हड़ताली कर्मियों से जनहित में काम पर लौटने की अपील की जा रही है, वहीं दूसरी ओर उपलब्ध संसाधनों और सुरक्षा बलों की मदद से शहर में नियमित सफाई अभियान चलाया जा रहा है। सोमवार की सुबह की पाली में निगम द्वारा लगभग 100 वाहनों को उतारकर विभिन्न अंचलों से डोर-टू-डोर कचरा संग्रह किया गया।
इसके साथ ही अनुबंध की शर्तों के अनुरूप पर्याप्त मानवबल और गाड़ियां उपलब्ध न कराने पर नगर निगम ने कड़ा रुख अपनाया है। लापरवाही बरतने वाली एजेंसियों को लगातार दूसरे दिन शो-कॉज (कारण बताओ) नोटिस जारी किया गया है और उन पर कुल ₹21.95 करोड़ से अधिक का अतिरिक्त जुर्माना ठोका गया है।
विभिन्न अंचलों में कचरा उठाव की स्थिति
शहर के प्रमुख क्षेत्रों और अंचलों में विशेष अभियानों के तहत कचरा उठाव सुनिश्चित किया जा रहा है:
नूतन राजधानी अंचल: जगदेव पथ, जयप्रकाश नगर, एस.के. पुरी, सचिवालय क्षेत्र, स्टेशन रोड और गर्दनीबाग जैसे इलाकों में 23 वाहनों के जरिए कचरा उठाया गया। वहीं, ए.एन. कॉलेज परिसर में मतगणना कार्य के दौरान स्वच्छता के लिए दो ओपन मैजिक वाहनों की विशेष तैनाती की गई। वार्ड 28 के पार्षद विनय कुमार की पहल पर एग्जीबिशन रोड, गोरिया टोली और जमाल रोड के गारबेज पॉइंट्स से दो निजी ट्रैक्टर और जेसीबी की मदद से कचरा साफ किया गया।
पाटलिपुत्र अंचल:
अंचल के सभी वार्डों से कचरा उठाने के लिए 28 डोर-टू-डोर वाहन मैदान में उतारे गए।
अजीमाबाद एवं पटना सिटी:
अजीमाबाद अंचल में 15 वाहनों से पठान टोली, नरकट घाट, लोहरवा घाट, अगमकुआं, एनएमसीएच रोड आदि क्षेत्रों में काम हुआ। पटना सिटी में 20 वाहनों के माध्यम से अशोक राजपथ, गुरु गोविंद सिंह लिंक पथ और स्टेशन रोड से कचरा हटाया गया।
बांकीपुर अंचल:
वैशाली गोलंबर और अशोक राजपथ समेत प्रमुख स्थानों पर 13 वाहनों से सफाई कार्य किया गया।
लापरवाह एजेंसियों पर 21.95 करोड़ का भारी जुर्माना
1 और 2 अगस्त को मानवबल की तैनाती नगण्य पाए जाने पर निगम प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। तीन प्रमुख एजेंसियों पर दो दिनों में आर्थिक दंड इस प्रकार लगाया गया:
मॉर्यन कार्स ऑटो सर्विसेज:
1 अगस्त को ₹11.06 करोड़ और 2 अगस्त को ₹10.72 करोड़ का जुर्माना।
वर्चुअस इंडिया प्राइवेट लिमिटेड:
1 अगस्त को ₹4.63 लाख और 2 अगस्त को ₹4.72 लाख का जुर्माना।
एम4 सॉल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड:
1 अगस्त को ₹3.52 लाख और 2 अगस्त को ₹3.49 लाख का जुर्माना।
रात में विशेष सफाई अभियान, रोजाना 300 टन कचरे का निष्पादन
हड़ताल का असर शहर की सफाई व्यवस्था पर न पड़े, इसके लिए पुलिस सुरक्षा के बीच रात में विशेष सघन सफाई अभियान चलाया जा रहा है। मुख्य सड़कों, अस्पतालों, व्यावसायिक इलाकों और संवेदनशील स्थलों को प्राथमिकता दी जा रही है। नगर निगम प्रशासन के अनुसार, प्रतिदिन औसतन 300 टन कचरे का उठाव और निष्पादन सुनिश्चित किया जा रहा है ताकि नागरिकों को असुविधा न हो।
