Monday, June 29, 2026
HomeTop Storiesपटना मेट्रो के कार्यों में लाएं तेजी, निर्धारित समयसीमा में करें पूर्ण,...

पटना मेट्रो के कार्यों में लाएं तेजी, निर्धारित समयसीमा में करें पूर्ण, ट्रैफिक प्रबंधन की समग्र कार्ययोजना तैयार करें: मुख्यमंत्री

पटना, 29 जून 2026

​मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी ने आज लोक सेवक आवास स्थित ‘संकल्प’ सभागार में पटना मेट्रो रेल परियोजना की प्रगति की उच्चस्तरीय समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि पटना मेट्रो के सभी कार्य तय समयसीमा के भीतर और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं। निर्माण कार्य की गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर कोई समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

मलाहीपकड़ी तक विस्तार का लोकार्पण: आगामी 02 जुलाई 2026 को मलाहीपकड़ी तक मेट्रो रेल परियोजना के विस्तारीकरण का लोकार्पण किया जाएगा। इससे शहरवासियों के आवागमन में सहूलियत होगी और समय की बचत होगी।

सख्त समयसीमा और मॉनिटरिंग: परियोजना के प्रत्येक चरण के लिए स्पष्ट टाइमलाइन तय की गई है। मुख्यमंत्री ने पटना मेट्रो रेल परियोजना की नियमित मॉनिटरिंग कर प्रगति की सतत समीक्षा करने के निर्देश दिए हैं।

प्रभावित न हो आम जनता (ट्रैफिक मैनेजमेंट): निर्माण कार्य के दौरान आम नागरिकों को न्यूनतम असुविधा हो, इसके लिए प्रभावी एवं वैज्ञानिक ट्रैफिक मैनेजमेंट प्लान तैयार करने का निर्देश दिया गया है। मुख्यमंत्री ने पूरे पटना शहर की यातायात व्यवस्था का व्यापक अध्ययन कर जाम की समस्या के स्थायी समाधान के लिए समग्र ट्रैफिक मैनेजमेंट प्लान बनाने को कहा।

सुरक्षा मानकों का पालन: मेट्रो निर्माण स्थलों पर सुरक्षा मानकों का पूर्णतः पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

सैटेलाइट टाउनशिप मास्टर प्लान: समीक्षा बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने पटना के प्रस्तावित सैटेलाइट टाउनशिप के मास्टर प्लान को भी निर्धारित समयसीमा के भीतर तैयार करने के निर्देश दिए, ताकि राजधानी का सुनियोजित विस्तार हो सके।

समीक्षा बैठक की विस्तृत जानकारी:

​बैठक के दौरान नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव श्री विनय कुमार एवं पटना मेट्रो रेल परियोजना के निर्माण कार्य से जुड़े अधिकारियों ने न्यू आईएसबीटी से आकाशवाणी तक प्रस्तावित कॉरिडोर-1 तथा न्यू आईएसबीटी से मीठापुर (जगन्पुरा होते हुए) तक चल रहे कार्यों सहित पूरे परियोजना की कार्य प्रगति की विस्तृत जानकारी दी।

​मुख्यमंत्री ने कहा कि पटना मेट्रो के संचालन से राजधानीवासियों को सुरक्षित, तेज, आधुनिक एवं विश्वसनीय सार्वजनिक परिवहन सुविधा उपलब्ध होगी। इससे सड़क यातायात का दबाव कम होगा, प्रदूषण में कमी आएगी तथा लोगों का आवागमन अधिक सुगम और सुविधाजनक हो जाएगा।

​बैठक में मौजूद मुख्य अधिकारी:

​इस उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में नगर विकास एवं आवास मंत्री श्री नीतीश मिश्रा, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव श्री दीपक कुमार, मुख्य सचिव श्री प्रत्यय अमृत, नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव श्री विनय कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव श्री संजय कुमार सिंह, पटना मेट्रो रेल कॉरपोरेशन लिमिटेड के प्रबंध निदेशक श्री संदीप कुमार आर० पुदुकलकट्टी, भवन निर्माण विभाग के सचिव श्री प्रणव कुमार, पटना प्रक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक श्री जितेन्द्र राणा, जिलाधिकारी श्री कुंदन कुमार, वरीय पुलिस अधीक्षक श्री कार्तिकेय के० शर्मा सहित पटना मेट्रो रेल परियोजना के अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे।

यह भी पढ़े

अन्य खबरे