पटना शिक्षक एवं स्नातक निर्वाचन को लेकर प्रशासन की व्यापक तैयारी, मतदान कर्मियों को निष्पक्षता एवं पारदर्शिता के साथ कार्य करने का निर्देश
जिलाधिकारी कुंदन कुमार ने कहा—निर्वाचन कार्य को स्वच्छ, निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से सम्पन्न कराएं
42 फ्लाइंग स्क्वायड टीम, 11 जोनल दंडाधिकारी एवं 6 सुपर जोनल दंडाधिकारी रहेंगे सक्रिय; दियारा क्षेत्रों में अश्वारोही गश्ती की व्यवस्था
पटना, 22 अक्टूबर 2026
पटना शिक्षक एवं स्नातक निर्वाचन क्षेत्र का निर्वाचन निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक तैयारियाँ पूरी कर ली गई हैं। इसी क्रम में आज बांकीपुर गवर्नमेंट गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल स्थित डिस्पैच सेंटर पर सहायक निर्वाची पदाधिकारी-सह-जिलाधिकारी, पटना श्री कुंदन कुमार ने मतदान कर्मियों, मजिस्ट्रेट एवं संबंधित पदाधिकारियों की ब्रीफिंग की। उन्होंने सभी कर्मियों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन करते हुए पूरी निष्पक्षता, सतर्कता एवं सजगता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान सभी पदाधिकारी एवं कर्मी पूरी तरह निष्पक्ष रहें एवं निर्वाचन आयोग के दिशा निर्देश अनुरूप कार्य करें.यह निर्वाचन अत्यंत संवेदनशील है। अतः सभी कर्मी पूरी सतर्कता, पारदर्शिता एवं जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें। निर्वाचन की निष्पक्षता एवं विश्वसनीयता बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
दीपावली एवं छठ महापर्व को लेकर पटना नगर निगम चलाएगा विशेष अभियान ‘स्वच्छता संकल्प’
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि डिस्पैच सेंटर से मतदान सामग्री प्राप्त करने के बाद सभी मतदान कर्मी सीधे अपने निर्धारित मतदान केंद्र पर जाएंगे। मतदान समाप्त होने के उपरांत बैलेट बॉक्स एवं मतदान से संबंधित अन्य सभी सामग्रियों को जमा करने के लिए सीधे निर्धारित स्ट्रॉन्ग रूम पहुंचेंगे। निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान किसी भी व्यक्ति से अनावश्यक संपर्क अथवा बातचीत नहीं करेंगे। किसी प्रकार की समस्या या असुविधा होने पर तत्काल वरीय पदाधिकारी को सूचित करेंगे, ताकि समय पर आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
उन्होंने विशेष रूप से निर्देशित किया कि मतदान के दौरान भारत निर्वाचन आयोग द्वारा उपलब्ध कराए गए बैंगनी रंग के कलम का ही उपयोग किया जाएगा। मतदान केंद्र पर आने वाले प्रत्येक मतदाता को निर्धारित कलम उपलब्ध कराया जाएगा तथा मतदान के बाद उसे वापस लेना सुनिश्चित किया जाएगा। इस निर्देश का सख्ती से अनुपालन करने को कहा गया।
पटना शिक्षक एवं स्नातक निर्वाचन को लेकर आदर्श आचार संहिता का सख्ती कराया जा रहा अनुपालन
वरीय पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा एवं सतर्कता बरतने का दिया निर्देश
इस अवसर पर वरीय पुलिस अधीक्षक श्री कार्तिकेय के. शर्मा ने भी मतदान कर्मियों, मजिस्ट्रेट एवं पुलिस पदाधिकारियों को अपने-अपने प्रतिनियुक्ति स्थल पर पूरी सजगता, सतर्कता एवं निष्पक्षता के साथ कर्तव्यों का निर्वहन करने का निर्देश दिया।
उन्होंने सभी थानाध्यक्ष को निदेश दिया कि अपने अपने क्षेत्र में BIKE QRT की टीम भी तैयार रखें. डायल 112 की गाड़ी भी निरंतर संवेदन शील इलाकों में भ्रमण शील रहे.
उन्होंने कहा कि निर्वाचन के दौरान किसी भी प्रकार की समस्या, असामान्य गतिविधि अथवा विधि-व्यवस्था से संबंधित स्थिति उत्पन्न होने पर तत्काल कंट्रोल रूम या वरीय पदाधिकारी को सूचित करें। जिला प्रशासन द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए आवश्यक सहायता एवं सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
बिहार बनेगा उद्योगों का हब, 2030 तक प्रदेश के युवाओं को राज्य में ही मिलेगा रोजगार: मुख्यमंत्री
पटना जिले में शिक्षक निर्वाचन के 46 तथा स्नातक के 80 मतदान केंद्रों पर होगा मतदान
पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के अंतर्गत पटना जिले में कुल 46 मतदान केंद्र तथा पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के अंतर्गत कुल 80 मतदान केंद्र निर्धारित हैं। इस प्रकार दोनों निर्वाचन क्षेत्रों में पटना जिले के अंतर्गत कुल 126 मतदान केंद्रों पर मतदान संपन्न कराया जाएगा।
मतदान के दौरान आदर्श आचार संहिता का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने तथा निर्वाचन प्रक्रिया पर सतत निगरानी रखने के लिए जिला प्रशासन द्वारा व्यापक व्यवस्था की गई है। इसके तहत 42 फ्लाइंग स्क्वायड टीम, 11 जोनल दंडाधिकारी एवं 6 सुपर जोनल दंडाधिकारी अपने-अपने निर्धारित क्षेत्रों में सक्रिय रहकर निर्वाचन गतिविधियों पर निरंतर नजर रखेंगे।
इसके अतिरिक्त, दियारा क्षेत्रों में अश्वारोही गश्ती की व्यवस्था की गई है, जिसके लिए 6 अश्वारोही ट्रूप तैनात किए गए हैं। इनके माध्यम से संबंधित क्षेत्रों में सुरक्षा एवं निगरानी व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाया जाएगा। आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन अथवा किसी भी प्रकार की अनियमितता की सूचना मिलने पर त्वरित कार्रवाई की जायेगी
सभी मतदान भवनो पर स्टैटिक मजिस्ट्रेट तैनात किये गये हैँ. सभी मतदान केंद्रों पर वीडियोग्राफी की भी व्यवस्था है.
नीरज से सबको लड़ना है, नीरज को सबको हराना है’… पर क्या इतना आसान है पटना स्नातक जीतना?
जिला एवं अनुमंडल स्तर पर नियंत्रण कक्ष स्थापित
निर्वाचन संबंधी शिकायतों के त्वरित निष्पादन एवं आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला एवं अनुमंडल स्तर पर नियंत्रण कक्ष स्थापित किए गए हैं।
जिला एवं अनुमंडल स्तरीय नियंत्रण कक्षों के दूरभाष नंबर निम्नलिखित हैं:
जिला नियंत्रण कक्ष, पटना 2999774
पटना सदर अनुमंडल 2999714
दानापुर अनुमंडल
2999745
पालीगंज अनुमंडल
2999754
मसौढ़ी अनुमंडल
2999761
बाढ़ अनुमंडल
2999762
पटना सिटी अनुमंडल 2999769
आमजन एवं निर्वाचन से संबंधित व्यक्ति उपर्युक्त दूरभाष नंबरों पर संपर्क कर अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं तथा निर्वाचन से संबंधित आवश्यक जानकारी प्राप्त कर सकते हैँ.
जिलाधिकारी कुंदन कुमार ने सभी संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को निर्वाचन कार्यों में निष्पक्षता, समयबद्धता, पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। जिला प्रशासन द्वारा निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप सभी आवश्यक प्रशासनिक, सुरक्षा एवं निगरानी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।
23 अक्टूबर को सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान
पटना शिक्षक एवं स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के लिए मतदान 23 अक्टूबर 2026 को सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक निर्धारित है। जिला प्रशासन स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण मतदान संपन्न कराने के लिए प्रतिबद्ध है। सभी प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों, मतदान कर्मियों एवं पुलिस बल को निर्धारित प्रक्रिया का पालन करते हुए अपने दायित्वों का निर्वहन करने का निर्देश दिया गया है।
