MLC चुनाव को लेकर जन सुराज ने खोले पत्ते, 5 सीटों पर उम्मीदवारों का ऐलान – जीते तो 7वां वेतनमान लागू कराने का वादा
पटना। बिहार विधान परिषद चुनाव को लेकर जन सुराज ने रविवार को अपने पत्ते खोल दिए हैं। पार्टी के सूत्रधार और बांकीपुर विधायक प्रशांत किशोर ने पाटलिपुत्रा कॉलोनी स्थित पार्टी कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर 5 सीटों पर समर्थित उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की।
जन सुराज ने पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से दिव्या ज्योति, सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से आफाक अहमद, दरभंगा शिक्षक क्षेत्र से एसपी राय को उम्मीदवार बनाया है। वहीं स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में कोसी से रजनीश रंजन और दरभंगा स्नातक से रवींद्र यादव को टिकट दिया गया है। प्रशांत किशोर ने कहा कि तिरहुत शिक्षक और स्नातक तथा पटना स्नातक सीट पर उम्मीदवारों के नाम अगले 3-4 दिन में घोषित कर दिए जाएंगे।
अनंत सिंह क्या करेंगे, यह हमारा सिरदर्द नहीं; कल MLC प्रत्याशियों का ऐलान करेंगे – PK
शिक्षकों के लिए PK के 3 बड़े ऐलान
प्रेस वार्ता के दौरान प्रशांत किशोर ने कहा कि शिक्षकों की लड़ाई वर्षों से सिस्टम के खिलाफ चल रही है। TRE परीक्षा हो, वेतनमान का मुद्दा हो, गैर-शैक्षणिक कार्यों में शिक्षकों को लगाना हो या वित्त रहित कॉलेजों की बदहाली – हर मुद्दे पर शिक्षक आंदोलन करते रहे हैं। लेकिन शिक्षक समुदाय खुद कई गुटों में बंटा है – कोई नियोजित है, कोई विद्यालय शिक्षक, कोई विशिष्ट तो कोई वित्त रहित।
पीके ने कहा, “हमारी सोच साफ है – जब तक बिहार में शिक्षा की स्थिति नहीं सुधरेगी, शिक्षकों की स्थिति नहीं सुधर सकती।” उन्होंने ऐलान किया कि सभी शिक्षक संगठनों को एक साथ लाकर एक संघर्ष समिति बनाई जाएगी और 3 प्रमुख मांगों के लिए जन सुराज अगले 2-3 साल तक शिक्षकों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर लड़ेगा।
उनकी तीन मांगें ये हैं –
1. शिक्षकों के लिए 7वां वेतनमान लागू कराना
2. वित्त रहित और वित्त पोषित शिक्षकों को नियमित शिक्षक की श्रेणी में समायोजित करना
3. शिक्षकों को गैर-शैक्षणिक कार्यों में लगाने के लिए स्पष्ट मानक तय करना
प्रशांत किशोर ने कहा, “ये सिर्फ शिक्षकों की मांग नहीं, अब ये जन सुराज की मांग है। हर हाल में लोकसभा चुनाव से पहले हम इन तीनों मांगों को सरकार से मनवा कर रहेंगे।”
स्नातक मतदाताओं को 10 हजार नौकरी का वादा
स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के वोटरों को साधते हुए प्रशांत किशोर ने बड़ा दांव चला। उन्होंने कहा, “मैं अपने सभी पढ़े-लिखे स्नातक मतदाताओं से अपील करता हूं। बांकीपुर के युवाओं के लिए मैंने 10 हजार नौकरी का जो वादा किया था, वही वादा स्नातक क्षेत्रों के लिए भी है। जहां-जहां जन सुराज का प्रत्याशी जीतकर विधान परिषद पहुंचेगा, वहां 10-10 हजार बेरोजगार युवाओं को नौकरी दिलाने की जिम्मेदारी मेरी और जन सुराज की होगी।”
बिहार की विकास यात्रा में सेवा, नवाचार, तकनीक और उद्यमिता की भूमिका महत्वपूर्ण :- मुख्यमंत्री
इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती, वरीय नेता किशोर कुमार मुन्ना, प्रदेश महासचिव सुभाष कुशवाहा, ललन यादव, ओबैदुर रहमान, सरवर अली, कुमार सौरभ, सहित पार्टी के कई नेता मौजूद रहे।
