केंद्रीय टीम भेजने के लिए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने प्रधानमंत्री मोदी का जताया आभार, बोले – केंद्र और राज्य सरकार पीड़ितों की मदद के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध
पटना, 16 सितंबर 2026
बिहार में बाढ़ की स्थिति का जायजा लेने के लिए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और केंद्रीय कृषि, किसान कल्याण एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज संयुक्त रूप से बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण और स्थलीय निरीक्षण किया।
मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री ने पटना जिले के मनेर और सारण जिले के दिघवारा क्षेत्र का हेलीकॉप्टर से हवाई सर्वेक्षण किया। इसके बाद वे वैशाली जिले के राघोपुर प्रखंड की तेरसिया पंचायत के तेरसिया और सरायपुर गांव पहुंचे, जहां उन्होंने नाव और ट्रैक्टर पर सवार होकर जलमग्न गांवों, डूबी हुई फसलों और क्षतिग्रस्त मकानों का मौके पर जायजा लिया।
मुख्यमंत्री ने ‘नशामुक्त बिहार-बेहतर बिहार, बढ़ता बिहार’ अभियान की आधिकारिक वेबसाइट का किया शुभारंभ
निरीक्षण के दौरान दोनों नेताओं ने प्रभावित ग्रामीणों से सीधा संवाद किया, उनकी समस्याएं सुनीं और उनसे आवेदन पत्र प्राप्त किए। ग्रामीणों ने सड़क ऊंची करने, नई सड़क बनाने और फसल क्षति के मुआवजे की मांग रखी, जिस पर मुख्यमंत्री ने मौके पर ही अधिकारियों को समाधान के निर्देश दिए।

50 लाख लोग प्रभावित, केले और मक्के की फसल को भारी नुकसान
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि इस बार इलाके में 2016 से भी एक फीट ज्यादा पानी आया है। यह सबसे बड़ी बाढ़ में से एक है। उन्होंने बताया कि पानी में डूबने से केले और मक्के की फसल पूरी तरह खराब हो गई है। पूरे बिहार में करीब 50 लाख लोगों को बाढ़ के कारण अपना घर छोड़ना पड़ा है। फसल, मकान और पशुओं का भी नुकसान हुआ है।
पटना में कृषि, राजस्व और सहकारिता विभाग की संयुक्त बैठक, किसानों के लिए Integrated व्यवस्था पर जो
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निर्देश पर केंद्र सरकार की कृषि एवं ग्रामीण विकास विभाग की टीम नुकसान का आकलन करने बिहार आई है। मुंगेर और भागलपुर का भी दौरा किया जाएगा। उन्होंने आश्वस्त किया कि इस संकट से निकालने में केंद्र सरकार राज्य सरकार के साथ खड़ी है और बिहार की हरसंभव सहायता की जाएगी।
पीड़ित परिवारों को 7 हजार की अंतरिम मदद, आकलन के बाद मिलेगा उचित मुआवजा
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि बाढ़ प्रभावित लोगों की सहायता के लिए केंद्र और राज्य सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है। राज्य सरकार द्वारा प्रभावित परिवारों को 7 हजार रुपये की अंतरिम अनुदान राशि जारी कर दी गई है। क्षति का सटीक आकलन पूरा होने के बाद किसानों और प्रभावित परिवारों को नियमानुसार उचित मुआवजा दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने बाढ़ की स्थिति का जायजा लेने के लिए केंद्रीय टीम भेजने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त किया और केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान एवं केंद्रीय टीम को धन्यवाद दिया।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने बाढ़ में अपने गांव के 4 लोगों की जान बचाने वाले छोटे बच्चे विशाल कुमार को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित भी किया।
अधिकारियों ने बताया कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में कम्युनिटी किचन, स्वास्थ्य सुविधाएं, नावों का परिचालन और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं का पूरा ध्यान रखा जा रहा है।
निरीक्षण के दौरान विधायक अवधेश सिंह, पूर्व विधायक सतीश कुमार, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, मुख्यमंत्री के सचिव संजय कुमार सिंह, जल संसाधन विभाग के सचिव डॉ. चंद्रशेखर सिंह, जिलाधिकारी श्रीमती वर्षा सिंह, पुलिस अधीक्षक शुभांक मिश्रा सहित कई वरीय अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।
