पटना, 15 सितंबर 2026
बिहार को नशामुक्त बनाने की दिशा में राज्य सरकार ने एक और बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी ने आज ‘नशामुक्त बिहार – बेहतर बिहार, बढ़ता बिहार’ जन-जागरूकता अभियान की आधिकारिक वेबसाइट का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने अभियान से जुड़े सभी लोगों को बधाई देते हुए कहा कि नशामुक्त बिहार का निर्माण केवल सरकारी प्रयासों से संभव नहीं है, इसके लिए समाज के हर वर्ग की सक्रिय भागीदारी और व्यापक जन-जागरूकता जरूरी है।
पटना में कृषि, राजस्व और सहकारिता विभाग की संयुक्त बैठक, किसानों के लिए Integrated व्यवस्था पर जो
मुख्यमंत्री ने कहा कि नशा मुक्ति तभी संभव है जब लोग नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक हों और खुद नशे से दूर रहने का संकल्प लें। युवाओं और आने वाली पीढ़ी को नशे की गिरफ्त से बचाने के लिए निरंतर जागरूकता अभियान के साथ-साथ समाज में सकारात्मक और स्वस्थ वातावरण बनाना जरूरी है।
उन्होंने कहा कि यह अभियान युवाओं, विद्यार्थियों और आम नागरिकों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने और जनभागीदारी बढ़ाने का प्रयास है। यह नई वेबसाइट जागरूकता और जनसहभागिता को व्यापक बनाने का महत्वपूर्ण माध्यम बनेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस अभियान में सामाजिक और आध्यात्मिक संस्थाओं की भूमिका भी महत्वपूर्ण है। इसी क्रम में हाल ही में प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के साथ MoU किया गया है, जो एक सकारात्मक पहल है। जीविका दीदियां भी इस दिशा में महत्वपूर्ण सहयोग कर रही हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा, “‘नशामुक्त बिहार’ का संकल्प एक स्वस्थ, सुरक्षित और सशक्त समाज के निर्माण का संकल्प है। बिहार में पूर्ण शराबबंदी लागू है और सरकार कानून के माध्यम से कार्रवाई कर रही है, लेकिन समाज की सामूहिक भागीदारी से ही बिहार को नशामुक्त बनाया जा सकता है। इस अभियान को जन-आंदोलन का स्वरूप देने की कोशिश सराहनीय है।”
उन्होंने सभी नागरिकों से नशे के विरुद्ध जागरूकता फैलाने और युवाओं को नशे से दूर रखने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
उल्लेखनीय है कि गाँव समाज फाउंडेशन द्वारा बिहार को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से यह जन-जागरूकता अभियान संचालित किया जा रहा है और फाउंडेशन द्वारा ही इस अभियान की आधिकारिक वेबसाइट तैयार की गई है।
कार्यक्रम के दौरान विधान पार्षद श्री संजय मयूख, मुख्यमंत्री के सचिव श्री संजय कुमार सिंह सहित विभिन्न संस्थानों के प्रतिनिधि ‘संकल्प साथी’ के रूप में उपस्थित थे।
