Wednesday, September 9, 2026
HomeTop Storiesसुरक्षित एयर ट्रैफिक के लिए हर व्यवस्था सुरक्षा मानकों के अनुरूप हो...

सुरक्षित एयर ट्रैफिक के लिए हर व्यवस्था सुरक्षा मानकों के अनुरूप हो : आयुक्त राजेश कुमार

पटना एयरपोर्ट पर AEMC की बैठक में कई अहम निर्देश, 10 KM परिधि में स्वच्छता और अतिक्रमण पर विशेष निगरानी

पटना, 08 सितंबर। प्रमंडलीय आयुक्त-सह-अध्यक्ष, विमान पत्तन पर्यावरण प्रबंधन समिति (AEMC) राजेश कुमार ने कहा है कि सुरक्षित एयर ट्रैफिक सुनिश्चित करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुरूप हर व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

पटना के जयप्रकाश नारायण अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा के सभा कक्ष में आयोजित AEMC की बैठक की अध्यक्षता करते हुए आयुक्त ने सभी संबंधित विभागों और स्टेकहोल्डर्स के बीच प्रभावी समन्वय पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि एयरपोर्ट अथॉरिटी, जिला प्रशासन, वन विभाग, नगर निकाय, रेलवे और बुडको सहित सभी एजेंसियां आपसी समन्वय के साथ समय-सीमा में अपने दायित्वों का निर्वहन करें। कार्यों के लिए बैठक का इंतजार न करें।

पटना में राज्य स्तरीय सहयोग कार्यक्रम, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने 137 आवेदकों की सुनी गई समस्याएं

पेड़ों की छंटाई का निर्देश

बैठक में एयरपोर्ट निदेशक ने बताया कि एयरपोर्ट के समीप कुछ पेड़ों की छंटाई जरूरी है। इस पर आयुक्त ने डीएफओ पटना को एयरपोर्ट अथॉरिटी के साथ समन्वय कर शीघ्र छंटाई कराने और संयुक्त निरीक्षण के बाद रिपोर्ट देने का निर्देश दिया। नगर परिषदों को सूखे ताड़ के पेड़ों की पहचान कर कटाई सुनिश्चित करने को कहा गया।

खुले में मांस-मछली बिक्री पर रोक, बनेगा स्थायी वेंडिंग जोन

आयुक्त ने कहा कि एयरपोर्ट के आसपास खुले में मांस-मछली की बिक्री और अवशेषों के सही निस्तारण न होने से पक्षियों की आवाजाही बढ़ती है, जिससे विमान परिचालन की सुरक्षा प्रभावित होती है। उन्होंने नगर आयुक्त पटना, कार्यपालक पदाधिकारी फुलवारी शरीफ और गर्दनीबाग को निर्देश दिया कि एयरपोर्ट के आसपास अनधिकृत दुकानें संचालित न हों और खुले में मांस-मछली की बिक्री पर पूरी तरह रोक लगे। इसके लिए स्थायी वेंडर जोन चिह्नित कर व्यवस्थित संचालन की व्यवस्था करने को कहा गया।

स्वच्छ वायु सर्वेक्षण 2026: पटना ने लगाई लंबी छलांग, देश में 16वां स्थान किया हासिल; वार्ड 9 और 43 को मिले 40 लाख के पुरस्कार

10 किलोमीटर परिधि में स्वच्छता और अतिक्रमण पर फोकस

एयरपोर्ट के चारों ओर 10 किलोमीटर की परिधि में स्वच्छता व्यवस्था सुदृढ़ रखने पर विशेष जोर दिया गया। संबंधित अंचलाधिकारियों और नगर निकायों को कूड़े का उचित निस्तारण सुनिश्चित करने और रेलवे लाइन के आसपास की गंदगी हटाने का निर्देश दिया गया। रेलवे को अपने क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने और नियमित साफ-सफाई का निर्देश दिया गया।

जलजमाव और आवारा कुत्तों पर भी निर्देश

एयरपोर्ट के आसपास जलजमाव न हो, इसके लिए बुडको को ड्रेनेज सिस्टम दुरुस्त रखने को कहा गया। एयरपोर्ट अथॉरिटी और बुडको को संयुक्त निरीक्षण कर जल निकासी की स्थिति का जायजा लेने का निर्देश दिया गया। वहीं पटना नगर निगम को एयरपोर्ट के आसपास मौजूद आवारा कुत्तों को सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट करने की व्यवस्था करने को कहा गया।

बाढ़ पीड़ितों के बीच पहुंचे मुख्यमंत्री, राहत शिविर में पीड़ितों के साथ बैठकर खाया खाना

लेजर लाइट के उपयोग पर लगेगा प्रतिबंध

बैठक में बताया गया कि बारात और अन्य आयोजनों में लेजर लाइट के उपयोग से विमान परिचालन में बाधा और सुरक्षा को खतरा होता है। इस पर आयुक्त ने एयरपोर्ट निदेशक को जोखिम वाले क्षेत्र को चिह्नित करने का निर्देश दिया, ताकि उन क्षेत्रों में लेजर लाइट के प्रयोग पर प्रभावी प्रतिबंध लगाया जा सके।

बैठक में नगर आयुक्त यशपाल मीणा, एयरपोर्ट निदेशक, आयुक्त के सचिव विनय कुमार ठाकुर सहित वन विभाग, बुडको, रेलवे और संबंधित नगर परिषदों के अधिकारी मौजूद रहे।

यह भी पढ़े

अन्य खबरे