पटना, 7 जुलाई 2026
पटना के जयप्रकाश नारायण अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सुरक्षित विमान संचालन और यात्रियों की सुरक्षा को लेकर प्रशासनिक मुस्तैदी तेज कर दी गई है। मंगलवार को कमिश्नर कार्यालय (जन-सम्पर्क शाखा) द्वारा जारी सूचना के अनुसार, पटना प्रमंडलीय आयुक्त सह हवाई अड्डा पर्यावरण प्रबंधन समिति (AEMC) के अध्यक्ष श्री मयंक वरवड़े की अध्यक्षता में एयरपोर्ट के सभाकक्ष में एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में आयुक्त ने स्पष्ट किया कि सुरक्षित एयर ट्रैफिक सुनिश्चित करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी हितधारकों (स्टेकहोल्डर्स) को आपसी समन्वय और मजबूत संवाद के साथ काम करने का निर्देश दिया।
बर्ड-हिट रोकने के लिए खुले में मांस-मछली की दुकानों पर कसेगा शिकंजा
विमानों की सुरक्षा के लिए सबसे बड़ा खतरा माने जाने वाले ‘बर्ड-हिट’ (पक्षियों का विमान से टकराना) की घटनाओं को रोकने के लिए आयुक्त ने कड़े कदम उठाने के निर्देश दिए हैं।
नियमित नोटिस और वॉल पेंटिंग: फुलवारीशरीफ, दानापुर और नूतन राजधानी अंचल के कार्यपालक पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे खुले में मांस-मछली की बिक्री को नियंत्रित करने तथा कचरा प्रबंधन के लिए नियमों के तहत नियमित रूप से नोटिस चिपकाएं और वॉल पेंटिंग करवाएं।
जागरूकता और दंडात्मक कार्रवाई: दुकानदारों को विमानन नियमों के प्रति संवेदनशील बनाने के लिए उन्मुखीकरण कार्यशालाएं (ओरिएंटेशन वर्कशॉप) चलाई जाएंगी। इसके बावजूद नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम और प्रदूषण नियंत्रण अधिनियम के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अतिक्रमण हटाओ अभियान: बैठक में कार्यवाहक निदेशक (नागर विमानन) श्री उमा शंकर ने बताया कि सुरक्षा के मद्देनजर फुलवारीशरीफ और दानापुर इलाकों से कई अवैध दुकानों और अतिक्रमण को पहले ही हटाया जा चुका है।
कैट-1 लाइट का अधिष्ठापन और पेड़ों की छंटाई तेज होगी
एयरपोर्ट के विस्तार और आधुनिक विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए कमिश्नर ने कई तकनीकी कार्यों में तेजी लाने का आदेश दिया:
कैट-1 लाइट और DVOR:
सक्षम प्राधिकार से मंजूरी मिलने के बाद कैट-1 लाइट लगाने और डॉप्लर वेरी हाई फ्रिक्वेंसी ओम्नि डायरेक्शनल रेंज (DVOR) की कमिशनिंग के काम को सुगम बनाने के निर्देश दिए गए।
पेड़ो की छंटाई:
ऑप्टिकल लैंडिंग सिस्टम (OLS) और एयरक्राफ्ट एक्ट 1934 के प्रावधानों के अनुसार, संजय गांधी जैविक उद्यान (चिड़ियाघर) के निदेशक के साथ समन्वय कर विमान संचालन में बाधा बन रहे पेड़ों की छंटाई समय पर करने को कहा गया है।
आवारा कुत्तों पर नियंत्रण और ड्रेनेज सिस्टम की सुदृढ़ता
आयुक्त ने पटना नगर निगम के नगर आयुक्त को एयरपोर्ट परिसर और आसपास के क्षेत्रों से आवारा कुत्तों को नियंत्रित करने के लिए नियमानुसार लगातार अभियान चलाने की हिदायत दी। साथ ही, नगर विकास एवं आवास विभाग को जलजमाव से निपटने के लिए ड्रेनेज सिस्टम को मजबूत रखने और सफाई का विशेष अभियान चलाने को कहा गया है।
“यात्रियों की सुरक्षा के साथ कोई समझौता नहीं किया जा सकता। खुले में मांस-मछली का कचरा न केवल विमानों के लिए खतरा है बल्कि यह लोक स्वास्थ्य को भी सीधी चुनौती देता है। एयरक्राफ्ट रूल्स, 1937 के नियम 91 के तहत निर्धारित दायरे में एसओपी (SOP) का कड़ाई से पालन कराया जाए।” — मयंक वरवड़े, आयुक्त, पटना प्रमंडल
बैठक में ये रहे उपस्थित
इस महत्वपूर्ण बैठक में पटना नगर निगम के नगर आयुक्त श्री यशपाल मीणा, वन प्रमंडल पदाधिकारी, नागर विमानन विभाग के निदेशक, बिहटा वायुसेना केंद्र के कमान्डिंग ऑफिसर, संजय गांधी जैविक उद्यान के निदेशक, सीआईएसएफ (CISF) के समादेष्टा, दानापुर डीआरएम के प्रतिनिधि और विभिन्न नगर निकायों के कार्यपालक पदाधिकारी उपस्थित थे।
