Sunday, June 21, 2026
Homeजीवन शैलीभारत की योग परंपरा निखिल विश्व को बना रही है निरामय: डॉ....

भारत की योग परंपरा निखिल विश्व को बना रही है निरामय: डॉ. अनिल सुलभ

कंकड़बाग के शिवाजी पार्क में आयोजित ‘अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस’ समारोह का डॉ. सुलभ ने किया उद्घाटन

कलात्मक योगासनों की प्रस्तुति ने दर्शकों को किया मंत्रमुग्ध, सफल प्रतिभागी और आचार्य हुए सम्मानित

पटना, 21 जून।

“भारत की महान योग-परंपरा, रोग-मुक्त रहने की शिक्षा देकर अब संपूर्ण विश्व को निरामय (रोग-मुक्त) बना रही है। आसन, प्राणायाम और ध्यान वे क्रियाएँ हैं, जो व्यक्ति को तन, मन और आत्मा से स्वस्थ और पावन बनाती हैं। इस विधि द्वारा एक ऐसे समाज का निर्माण संभव है, जो पूरे विश्व को आनंदमय और मंगलमय बना सकेगा।”

​यह बातें अंतर्राष्ट्रीय इस्सयोग समाज के संयुक्त सचिव और बिहार हिन्दी साहित्य सम्मेलन के अध्यक्ष डॉ. अनिल सुलभ ने कहीं। वे रविवार को आदर्श योग केंद्र, पटना द्वारा कंकड़बाग स्थित शिवाजी पार्क में आयोजित ‘अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस’ समारोह का उद्घाटन कर रहे थे।

​पीएम मोदी और बाबा रामदेव के योगदान को सराहा

​अपने संबोधन में डॉ. सुलभ ने कहा कि योगासनों को सरल, सर्व-ग्राह्य और वैश्विक स्तर पर लोकप्रिय बनाने में योग-गुरु आचार्य रामदेव का योगदान सर्वश्रेष्ठ है। वहीं, भारत के प्रधानमंत्री को इसे वैश्विक स्वरूप देने का श्रेय जाता है, क्योंकि उनके ही भगीरथ प्रयासों के कारण आज पूरा विश्व ‘अंतर्राष्ट्रीय योग-दिवस’ मना रहा है।

​योग साधकों और आचार्यों को मिला सम्मान

​समारोह के दौरान डॉ. सुलभ ने केंद्र द्वारा आयोजित योग-प्रतियोगिता के सफल प्रतिभागियों के साथ-साथ योगाभ्यासियों और आचार्यों को पुरस्कृत व सम्मानित किया। सम्मानित होने वालों में:

​आचार्य श्याम नन्दन, अजय कुमार, श्वेता बौबी, आर्या, माला, उमा, राधा, शोभा बरनबाल, रीना सहाय, नीलम देवी, पुष्पा कुमारी और ऋषिकेश शामिल रहे।

​इससे पूर्व, कार्यक्रम की शुरुआत में आदर्श योग केंद्र के अध्यक्ष लालकेश्वर सिंह, मुख्य-आचार्य शैलेंद्र कुमार और संरक्षक कुमार अनुपम ने मुख्य अतिथि डॉ. सुलभ को अंग-वस्त्रम और भगवान कृष्ण का चित्र भेंट कर सम्मानित किया।

​कलात्मक आसनों के सौंदर्य-बोध ने खींचा ध्यान

​योग दिवस के लिए निर्धारित प्रोटोकॉल और योग-क्रियाओं की शुरुआत से पहले, केंद्र के नित्य-अभ्यासी साधक-साधिकाओं ने योग के कई अत्यंत कठिन और कलात्मक आसनों का प्रदर्शन किया। इन कलात्मक प्रस्तुतियों ने वहां मौजूद दर्शकों को योग के अद्भुत सौंदर्य-बोध से परिचित कराया और सबका मन मोह लिया।

​इस भव्य समारोह में भाजपा नेता सुनील सिन्हा, सरस्वती विद्या मंदिर के प्रधानाचार्य सत्येंद्र सिंह, राणा प्रताप सिंह, नंद किशोर ठाकुर, अनिल बरणवाल, राकेश कुमार रौशन, बिंदेश्वर गुप्ता सहित सैकड़ों की संख्या में योग-अभ्यासी और स्थानीय नागरिक उपस्थित थे।

यह भी पढ़े

अन्य खबरे