पटना में मकान सूचीकरण कार्य की समीक्षा, धीमी प्रगति वाले 900 ब्लॉकों के प्रगणकों को निर्देश
पटना, 16 मई 2026
जनगणना 2027 के पहले चरण के तहत पटना नगर निगम क्षेत्र में मकान सूचीकरण और मकानों की गणना का काम बड़े स्तर पर चल रहा है। इस राष्ट्रीय अभियान को बेहतर तरीके से पूरा करने के लिए पटना नगर निगम मुख्यालय में नगर आयुक्त श्री यशपाल मीणा की अध्यक्षता में गठित जनगणना समन्वय समिति लगातार समीक्षा बैठकें कर रही है।
इसी सिलसिले में शनिवार को नूतन राजधानी अंचल और शुक्रवार को पाटलिपुत्र, बांकीपुर और कंकड़बाग अंचल के अधिकारियों, पर्यवेक्षकों (Supervisors) और प्रगणकों (Enumerators) के साथ एक विस्तृत बैठक की गई।
ऐप आधारित समस्याओं के लिए दिया गया लाइव डेमो
इस समीक्षा बैठक में जमीन पर आ रही तकनीकी दिक्कतों, खासकर मोबाइल ऐप के जरिए डाटा एंट्री और अपलोडिंग में आ रही परेशानियों पर चर्चा की गई। जिन प्रगणकों को ऐप चलाने में दिक्कत हो रही थी, उन्हें ट्रेनर्स द्वारा दोबारा प्रैक्टिकल ट्रेनिंग और लाइव डेमो दिया गया। ट्रेनर्स ने खुद सामने खड़े होकर कर्मियों से डाटा एंट्री कराई और पूरी प्रक्रिया को स्टेप-बाय-स्टेप समझाया ताकि आगे का काम बिना किसी गलती के तेजी से हो सके।
2039 ब्लॉकों में काम आखिरी चरण में, 900 में रफ्तार धीमी
बैठक में सामने आया कि पटना नगर निगम क्षेत्र के 13 हाउस लिस्टिंग ब्लॉक (HLB) में जनगणना का काम पूरा हो चुका है, जबकि 2039 ब्लॉकों में यह अंतिम दौर में है। हालांकि, करीब 900 ब्लॉकों में काम की रफ्तार काफी धीमी पाई गई, जिस पर समिति ने विशेष समीक्षा करते हुए संबंधित प्रगणकों को काम में तेजी लाने के जरूरी निर्देश दिए हैं।
2986 ब्लॉकों में बंटा है पूरा निगम क्षेत्र
पटना नगर निगम के सभी अंचलों को अलग-अलग ‘चार्ज’ में बांटा गया है और वहां के कार्यपालक पदाधिकारियों को ‘चार्ज जनगणना अधिकारी’ की जिम्मेदारी दी गई है। निगम के कुल 75 वार्डों को आबादी के हिसाब से 2,986 गणना ब्लॉकों में विभाजित किया गया है। हर एक ब्लॉक में एक प्रगणक घर-घर जाकर आंकड़े जुटा रहा है। इन कार्यों की मॉनिटरिंग के लिए कुल 563 पर्यवेक्षक तैनात किए गए हैं।
अंचलवार हाउस लिस्टिंग ब्लॉक (HLB) की स्थिति:
नूतन राजधानी अंचल: 637
पाटलिपुत्र अंचल: 553
अजीमाबाद अंचल: 527
कंकड़बाग अंचल: 495
बांकीपुर अंचल: 464
पटना सिटी अंचल: 310
