रामकृष्णानगर ज्वैलरी दुकान डकैती कांड का 72 घंटे में खुलासा, मुठभेड़ के बाद मुख्य आरोपी गिरफ्तार
पटना: राजधानी पटना में अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे जीरो टॉलरेंस अभियान के तहत पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। रामकृष्णानगर थाना क्षेत्र में हुई सनसनीखेज ज्वैलरी दुकान डकैती कांड का उद्भेदन करते हुए पुलिस ने मुठभेड़ के बाद मुख्य अपराधी समेत कुल 4 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है।
बीती 19 अप्रैल 2026 को रामकृष्णानगर स्थित एक स्वर्ण आभूषण की दुकान में दो मोटरसाइकिलों पर सवार 5 हथियारबंद अपराधियों ने धावा बोला था। अपराधियों ने दुकानदार को हथियार के बल पर डराकर और मारपीट कर घायल कर दिया था और लूट की बड़ी वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए थे।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) पटना, कार्तिकेय के. शर्मा के निर्देशन और सिटी एसपी (पूर्वी) के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी और वैज्ञानिक साक्ष्यों (CCTV और सर्विलांस) के आधार पर जाल बिछाया, जिसके परिणामस्वरूप सबसे पहले उदित कुमार नामक अपराधी को दबोचा गया।
पकड़े गए उदित से मिली गुप्त जानकारी के आधार पर पुलिस ने छापेमारी कर मुख्य सरगना दिलीप कुमार और एक अन्य साथी रोहन को गिरफ्तार किया। पूछताछ में यह स्पष्ट हुआ कि दिलीप ने ही लूट के दौरान दुकानदार पर जानलेवा हमला कर उसे घायल किया था।
जब पुलिस टीम दिलीप की निशानदेही पर लूटे गए सामान और हथियार की बरामदगी के लिए ठिकाने पर पहुँची, तो अपराधी ने छिपाकर रखे लोडेड हथियार से पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने आत्मरक्षार्थ गोलियां चलाईं, जो दिलीप के पैर में लगी। घायल अपराधी को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने इस पूरी कार्रवाई के दौरान अब तक निम्नलिखित सामान बरामद किया है:
01 पिस्टल और 01 देशी कट्टा
03 जिंदा कारतूस और 01 खोखा
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) पटना ने प्रेस वार्ता के दौरान बताया कि इस कांड में शामिल कुल 4 लोग अब तक सलाखों के पीछे पहुँच चुके हैं। शेष फरार अपराधियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
