मुंगेर/पटना: बिहार में भूमि सुधार और राजस्व प्रबंधन को और अधिक पारदर्शी व सुलभ बनाने के लिए राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग अब सीधे जिलों का रुख कर रहा है। इसी कड़ी में आगामी 28 फरवरी को मुंगेर जिले में “राजस्व प्रशासन आपके द्वार” कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।
विभाग के प्रधान सचिव श्री सीके अनिल की अध्यक्षता में होने वाली इस उच्च स्तरीय बैठक में भूमि विवाद, दाखिल-खारिज और चल रहे भूमि सर्वेक्षण जैसे संवेदनशील मुद्दों पर अधिकारियों की क्लास लगेगी।
दो पालियों में मैराथन बैठक, मुख्यालय के 22 अफसर रहेंगे मौजूद
अपर सचिव श्री आजीव वत्सराज द्वारा मुंगेर जिलाधिकारी को जारी पत्र के अनुसार, यह कार्यक्रम मुंगेर के प्रेक्षा गृह सभागार में सुबह 10:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक चलेगा।
कार्यक्रम की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इसमें विभाग के सचिव श्री जय सिंह सहित मुख्यालय के 22 वरिष्ठ अधिकारी (भू-अभिलेख, चकबंदी, भू-अर्जन और कृषि गणना निदेशालय) शिरकत करेंगे।
- प्रथम पाली: सुबह 10:00 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक।
- द्वितीय पाली: दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक।
इन मुख्य एजेंडों पर रहेगी पैनी नजर
बैठक के दौरान विभाग ने स्पष्ट एजेंडा तय किया है। प्रधान सचिव जमीनी स्तर पर काम कर रहे अधिकारियों से निम्नलिखित बिंदुओं पर सीधी रिपोर्ट लेंगे:
- परिमार्जन प्लस और दाखिल-खारिज: ऑनलाइन म्यूटेशन और त्रुटि सुधार की धीमी प्रगति पर जवाबदेही तय होगी।
- भूमि सर्वेक्षण: राज्य में चल रहे विशेष भूमि सर्वेक्षण की वर्तमान स्थिति और आ रही बाधाओं की समीक्षा।
- अतिक्रमण मुक्त भूमि: सरकारी जमीन से अवैध कब्जा हटाने की कार्रवाई में तेजी लाने के निर्देश।
- लंबित वाद: DCLR न्यायालयों और राजस्व न्यायालय प्रबंधन प्रणाली (RCMS) में लंबित पड़े मुकदमों का त्वरित निष्पादन।
लखीसराय के अधिकारियों को भी बुलावा
इस समीक्षा बैठक का दायरा केवल मुंगेर तक सीमित नहीं है। लखीसराय जिले के अपर समाहर्ता को भी अपने जिले की अद्यतन रिपोर्ट के साथ उपस्थित रहने का निर्देश दिया गया है। बैठक में मुंगेर जिले के बंदोबस्त पदाधिकारी, सभी DCLR, अंचलाधिकारी (CO), राजस्व अधिकारी और अमीन भी मौजूद रहेंगे।
अपर समाहर्ता, मुंगेर को इस पूरे कार्यक्रम के सफल संचालन, समन्वय और रिपोर्ट संकलन की जिम्मेदारी सौंपी गई है। विभाग ने सख्त हिदायत दी है कि मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) के तहत सभी तैयारियां समय से पूरी कर ली जाएं।
