पटना, 30 अगस्त
राष्ट्रीय खेल दिवस 2025 के अवसर पर पटना में जिला प्रशासन और खेल विभाग, बिहार के तत्वावधान में तीन दिवसीय खेलोत्सव का आयोजन किया गया। शनिवार को पाटलिपुत्र खेल परिसर में आयोजित “डे ऑफ फिटनेस” के तहत कबड्डी, बास्केटबॉल, पिट्टो और रस्साकशी जैसी प्रतियोगिताओं के साथ-साथ योगासन कार्यक्रम में बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक ने भाग लिया।
कबड्डी मुकाबले में सर्वोदय कबड्डी क्लब, अथमलगोला ने रोमांचक संघर्ष में देव कबड्डी एकेडमी, फतुहा को 22-20 से मात दी। वहीं बास्केटबॉल मिक्स्ड इवेंट में पटना वारियर्स ने पाटलिपुत्र इलेवन को 25-21 से हराकर खिताब अपने नाम किया।
देशी खेलों के मुकाबलों में भी खिलाड़ियों का जोश देखने लायक रहा। पिट्टो प्रतियोगिता में पटना सुपर किंग्स ने कुम्हरार बुल्स को 79-51 से पराजित किया। रस्साकशी (टग ऑफ वार) में पटना रेड ने पटना ब्लू को हराकर प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि पटना ग्रीन तीसरे स्थान पर रहा। विजेताओं को जिला खेल पदाधिकारी ओम प्रकाश ने ट्रॉफी और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया।
प्रदर्शनी मुकाबले में जिला खेल पदाधिकारी ओम प्रकाश की टीम को वरीय एनआईएस कोच अभिषेक कुमार की टीम ने पराजित किया।
इससे पहले खेल भवन सह व्यायामशाला, राजेंद्रनगर में “योग फॉर ऑल” कार्यक्रम के तहत विभिन्न आसन, प्राणायाम और ध्यान सत्र आयोजित किए गए। वहीं खेल भवन सभागार में बने फैन पार्क में हीरो एशिया कप पुरुष हॉकी चैंपियनशिप 2025 के रोमांचक मुकाबलों का लाइव प्रसारण देखने के लिए खेल प्रेमियों की भीड़ जुटी। सेल्फी प्वॉइंट भी आकर्षण का केंद्र रहा।
जिला खेल पदाधिकारी ओम प्रकाश ने जानकारी दी कि खेलोत्सव के अंतिम दिन 31 अगस्त (रविवार) को सुबह 6 बजे से “संडे ऑन साइकिल” कार्यक्रम का आयोजन होगा। यह खेल भवन से शुरू होकर शहर के प्रमुख मार्गों से गुज़रते हुए वापस खेल भवन पर समाप्त होगा। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में खिलाड़ी, प्रशिक्षक, खेल संघ के पदाधिकारी और गणमान्य लोग शामिल होंगे।
