भागलपुर | 29 मार्च 2026 जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने आज भागलपुर में मीडिया से मुखातिब होते हुए बिहार की राजनीति और कानून व्यवस्था पर तीखा प्रहार किया। किशोर ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने के फैसले को ‘मैन्युफैक्चर्ड’ बताते हुए तंज कसा, तो वहीं पटना नीट छात्रा मामले में जांच एजेंसियों की कार्यप्रणाली पर भी बड़े सवाल खड़े किए।
”बड़े रसूखदारों को बचा रही है CBI” – पटना नीट छात्रा मामला
प्रशांत किशोर ने पटना की नीट छात्रा से जुड़े संवेदनशील मामले को प्रमुखता से उठाते हुए जांच की निष्पक्षता पर उंगली उठाई। उन्होंने कहा कि जिस मामले को सुलझाने में पटना पुलिस और SIT पूरी तरह नाकाम रही, अब सीबीआई भी उसे सुलझाने के बजाय उलझाने का काम कर रही है।
”इस घटना के पीछे इतने रसूखदार और बड़े लोग शामिल हैं कि चाहे पुलिस हो या सीबीआई, वे उन्हें हाथ लगाने से भी डर रहे हैं। मामले को उलझाना इस बात का स्पष्ट प्रमाण है कि अपराधियों को संरक्षण प्राप्त है।” – प्रशांत किशोर
नीतीश के राज्यसभा जाने पर तीखा तंज
नीतीश कुमार के दिल्ली जाने की चर्चाओं पर प्रशांत किशोर ने बेहद कड़े शब्दों का इस्तेमाल किया। उन्होंने कहा कि 202 विधायकों का समर्थन होने के बावजूद अगर मुख्यमंत्री को राज्यसभा का रास्ता चुनना पड़ रहा है, तो यह लोकतंत्र की विडंबना है।
किशोर ने आरोप लगाया कि यह पूरा घटनाक्रम स्वाभाविक नहीं बल्कि ‘मैन्युफैक्चर्ड’ है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि यह परिणाम केंद्र सरकार की मदद और “10 हजार रुपये” से खरीदी हुई जीत जैसा है, जिसमें जनता के जनादेश की कोई भूमिका नहीं है।
