Sunday, August 9, 2026
Homeपटना नगर निगम: कदमकुआं वेंडिंग जोन का किराया होगा तय, मानसून के...

पटना नगर निगम: कदमकुआं वेंडिंग जोन का किराया होगा तय, मानसून के लिए तैनात होगी ‘मैनहोल एम्बुलेंस’

पटना | 9 मई 2026

​पटना की महापौर श्रीमती सीता साहू की अध्यक्षता में शनिवार को सशक्त स्थायी समिति की 22वीं साधारण बैठक संपन्न हुई। इस बैठक में शहर के विकास, स्वच्छता और बुनियादी सुविधाओं से जुड़े कुल 29 एजेंडों पर सर्वसम्मति से मुहर लगाई गई। बैठक में उप महापौर श्रीमती रेशमी चंद्रवंशी और नगर आयुक्त श्री यशपाल मीणा सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे।

​बैठक में लिए गए प्रमुख निर्णय निम्नलिखित हैं:

1. मार्केट सर्वे के बाद तय होगा वेंडिंग जोन का किराया

​कदमकुआं वेंडिंग जोन के बेहतर रख-रखाव और इसे आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए अब दुकानदारों से किराया वसूला जाएगा। नगर निगम ने निर्णय लिया है कि किराया तय करने से पहले इलाके का मार्केट सर्वे कराया जाएगा, ताकि उचित और बाजार दर के अनुसार शुल्क निर्धारित हो सके। फिलहाल सफाई और बिजली का खर्च निगम खुद वहन कर रहा है।

2. ‘मैनहोल एम्बुलेंस’ करेगी ऑन-स्पॉट मरम्मत

​मानसून में खुले या क्षतिग्रस्त मैनहोल की समस्या से निपटने के लिए नगर निगम ‘मैनहोल एम्बुलेंस’ सेवा शुरू कर रहा है।

क्षमता: लक्ष्य रखा गया है कि एक दिन में कम से कम 30-35 मैनहोल ठीक किए जाएं।

सुविधा: इस वाहन पर निर्माण सामग्री, ढक्कन, मिस्त्री, बिजली कर्मी और ड्राइवर तैनात रहेंगे।

मॉक ड्रिल: अगले दो दिनों के भीतर इसका मॉक ड्रिल करने का निर्देश दिया गया है।

​3. छठ महापर्व और अन्य योजनाओं को स्वीकृति

​बैठक में चैती छठ 2026 (5.85 करोड़ रुपये) और कार्तिक छठ 2025 (50 लाख रुपये) के दौरान घाटों के सौंदर्यीकरण और मरम्मत के कार्यों को घटनोत्तर स्वीकृति दी गई। इसके अलावा गंगा दशहरा के अवसर पर भद्र घाट के जीर्णोद्धार कार्य को भी मंजूरी मिली।

4. पाइपलाइन और बोरिंग परियोजनाओं की समीक्षा

​शहर में पेयजल आपूर्ति सुदृढ़ करने के लिए पाइपलाइन और बोरिंग परियोजनाओं की प्रगति जांची गई:

पाइपलाइन: कुल 760 परियोजनाओं में से 348 पूर्ण हो चुकी हैं।

बोरिंग: 266 परियोजनाओं में से 182 कार्य संपन्न हो चुके हैं।

शुद्ध पेयजल: 93 जलापूर्ति केंद्रों में क्लोरिनेटर लगाने के लिए 93 लाख रुपये आवंटित किए गए हैं।

​5. अन्य महत्वपूर्ण फैसले

आधुनिक वधशाला: पटना में मॉडर्न स्लॉटर हाउस के निर्माण हेतु निविदा (Tender) निकालने का निर्णय।

शवदाह गृह: बांस घाट और दीघा घाट के रख-रखाव के लिए ईशा फाउंडेशन (कोयंबटूर) के साथ हुए एमओयू को स्वीकृति।

UNFPA: संयुक्त राष्ट्र जनसंख्या प्रकोष्ठ के साथ एकरारनामे के विस्तार को मंजूरी।

यह भी पढ़े

अन्य खबरे