पटना जिला प्रशासन का सख्त रुख: बिना अनुमति के धरना-प्रदर्शन करने वालों पर होगी कड़ी कानूनी कार्रवाई
पटना:
बिहार की राजधानी पटना में बिना सूचना और पूर्वानुमति के लगातार हो रहे धरना-प्रदर्शनों को लेकर जिला प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। जिलाधिकारी (DM) कुंदन कुमार और वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) द्वारा स्पष्ट निर्देश जारी किए गए हैं कि अब बिना अनुमति के शहर के अन्य हिस्सों में प्रदर्शन करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
सिर्फ गर्दनीबाग में ही होगी प्रदर्शन की अनुमति
प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया है कि विभिन्न मांगों के समर्थन में धरना-प्रदर्शन करने वाले व्यक्तियों और संगठनों के लिए गर्दनीबाग में एक निश्चित धरना स्थल चिन्हित किया गया है। सभी संबंधित पक्षों को शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन केवल इसी निर्धारित स्थल पर करना होगा, और इसके अतिरिक्त शहर में अन्य किसी भी स्थान पर प्रदर्शन की कोई अनुमति नहीं है।
आम जनता की असुविधा और यातायात व्यवस्था का हवाला
जिला प्रशासन ने चिंता जताई है कि निर्धारित स्थल के अलावा अन्य स्थानों पर प्रदर्शन करने से भीषण ट्रैफिक जाम की समस्या उत्पन्न होती है। इससे आम नागरिकों के साथ-साथ स्कूल, कॉलेज, अस्पताल, न्यायालय, सचिवालय और आयोगों के कामकाज में भारी बाधा आती है।
इसके अलावा, व्यवसायियों की व्यावसायिक गतिविधियों पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। प्रशासन ने विशेष रूप से उल्लेख किया है कि इस तरह के आयोजनों से बुजुर्गों, बीमार व्यक्तियों, स्कूली बच्चों और एम्बुलेंस जैसी आपातकालीन सेवाओं के निर्बाध आवागमन में गंभीर दिक्कतें पैदा होती हैं।
अनंत सिंह – नीरज कुमार विवाद: क्या बैकफुट पर आ गए हैं जेडीयू उम्मीदवार नीरज कुमार?
प्रशासन की अपील और चेतावनी
जिलाधिकारी और वरीय पुलिस अधीक्षक ने सभी संगठनों और नागरिकों से अपील की है कि वे सार्वजनिक व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें और अपनी मांगें केवल गर्दनीबाग स्थित चिन्हित स्थल पर ही शांतिपूर्ण ढंग से रखें। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि यदि इन निर्देशों का उल्लंघन किया गया या निर्धारित स्थल के बाहर प्रदर्शन किया गया, तो नियमों के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
