Thursday, March 26, 2026
Homeराजनीतिसरकारी पैसे से पारिवारिक महिमामंडन? PHED मंत्री के 'फैमिली फोटो' वाले कैलेंडर...

सरकारी पैसे से पारिवारिक महिमामंडन? PHED मंत्री के ‘फैमिली फोटो’ वाले कैलेंडर पर बिहार में सियासी संग्राम

पटना, 26 मार्च 2026

बिहार सरकार के लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग (PHED) द्वारा जारी साल 2026 के आधिकारिक कैलेंडर ने राज्य में एक नया राजनीतिक विवाद खड़ा कर दिया है। विभाग के कैलेंडर में विभागीय उपलब्धियों के बजाय विभागीय मंत्री संजय सिंह के परिवार और बच्चों की तस्वीरों को प्रमुखता से जगह दी गई है, जिसे लेकर विपक्ष ने ‘सरकारी धन के दुरुपयोग’ का बड़ा आरोप लगाया है।

विपक्ष का तीखा प्रहार: “मंत्रालय है या निजी फैक्ट्री?”
मुख्य विपक्षी दल राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल से इस मामले को प्रमुखता से उठाते हुए सरकार और मंत्री संजय सिंह पर तीखा हमला बोला है। आरजेडी ने सवाल किया है कि क्या यह बिहार सरकार के मंत्रालय का कैलेंडर है या मंत्री जी की किसी निजी फैक्ट्री का?

सोशल मीडिया हैंडल फेसबुक के पोस्ट में लिखा गया:

“स्व-महिमामंडन के चक्कर में मंत्री जी ने पीएम मोदी और सीएम नीतीश कुमार को भी पीछे छोड़ दिया है। सरकारी पैसे का ऐसा दुरुपयोग पहले कभी नहीं देखा गया।”

धन्ना सेठों’ को रेवड़ी बांटने का आरोप
आरजेडी ने इस विवाद के बहाने सत्ताधारी जनता दल यूनाइटेड (JDU) की संगठनात्मक कार्यशैली पर भी निशाना साधा है। विपक्ष का कहना है कि जब जमीनी कार्यकर्ताओं को नजरअंदाज कर ‘धन्ना सेठों’ को मंत्रालय रेवड़ियों की तरह बांटे जाएंगे, तो लोकतंत्र में इस तरह की अराजकता और मनमानी देखने को ही मिलेगी।

कैलेंडर में क्या है विवादित?
आमतौर पर सरकारी कैलेंडर में सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों या विभाग की उपलब्धियों का विवरण होता है। लेकिन PHED के इस कैलेंडर में मंत्री के परिवार के सदस्यों और बच्चों की तस्वीरों को शामिल करना प्रशासनिक मर्यादा के उल्लंघन के रूप में देखा जा रहा है। राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि क्या विभागीय सचिव और अधिकारियों ने इस पर आपत्ति नहीं जताई?

फिलहाल, इस मामले पर जदयू या मंत्री संजय सिंह की ओर से कोई आधिकारिक सफाई नहीं आई है, लेकिन सोशल मीडिया पर यह मामला तेजी से तूल पकड़ रहा है और जनता के बीच सरकारी खर्चों की नैतिकता को लेकर बहस छिड़ गई है।

यह भी पढ़े

अन्य खबरे