Monday, February 23, 2026
Homeपटना में 11 अगस्त से शुरू होगी जिला स्तरीय मशाल खेल प्रतियोगिता,...

पटना में 11 अगस्त से शुरू होगी जिला स्तरीय मशाल खेल प्रतियोगिता, खिलाड़ियों के स्वागत के लिए सभी तैयारियां मुकम्मल

पटना, 1 अगस्त।
पटना जिले में खेल प्रतिभाओं को संवारने और उन्हें उचित मंच प्रदान करने के उद्देश्य से जिला स्तरीय मशाल खेल प्रतियोगिता का भव्य आयोजन 11 से 14 अगस्त तक पाटलिपुत्र खेल परिसर, कंकड़बाग में किया जाएगा। इस निर्णय की पुष्टि उप विकास आयुक्त श्री समीर सौरभ (भा.प्र.से) की अध्यक्षता में आयोजित आयोजन समिति की बैठक में की गई, जिसमें प्रतियोगिता की योजना और क्रियान्वयन से जुड़ी सभी तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया।

बालक-बालिकाओं को मिलेगा मंच, अंडर-14 और अंडर-16 वर्गों में होगी टक्कर
जिला खेल पदाधिकारी श्री ओम प्रकाश ने बताया कि इस प्रतियोगिता में अंडर-16 आयु वर्ग के बालक एवं बालिकाओं की स्पर्धाएं 11 व 12 अगस्त को होंगी, जबकि अंडर-14 वर्ग की प्रतियोगिताएं 13 व 14 अगस्त को आयोजित की जाएंगी। कुल 77 खिलाड़ी (बालक-बालिकाएं) और 8 दल प्रभारी विभिन्न स्पर्धाओं में हिस्सा लेंगे, जिनमें एथलेटिक्स (60 मी., 100 मी., 600 मी., 800 मी. दौड़, लंबी कूद, क्रिकेट बॉल थ्रो), साइक्लिंग, कबड्डी, फुटबॉल और वॉलीबॉल शामिल हैं।

मेडल, प्रमाण पत्र और नगद पुरस्कार से होगा सम्मान
प्रत्येक स्पर्धा में प्रथम तीन स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को मेडल, प्रमाण पत्र के साथ-साथ नगद पुरस्कार राशि से सम्मानित किया जाएगा। प्रतियोगिता के सफल संचालन के लिए 54 तकनीकी पदाधिकारियों को नामित किया गया है।

प्रतिभागियों की सुविधाओं का खास ध्यान
प्रत्येक प्रतिभागी को स्कूल पहचान पत्र, आधार कार्ड, जन्म प्रमाण पत्र और बैंक खाता विवरण साथ लाना अनिवार्य होगा। इसके अतिरिक्त, सभी खिलाड़ी बिहार राज्य खेल प्राधिकरण द्वारा उपलब्ध कराए गए टी-शर्ट पहनकर ही मैदान में उतरेंगे।

आवास और भोजन की व्यवस्था पाटलिपुत्र खेल परिसर स्थित खेल छात्रावास में की गई है, जहां भोजन की गुणवत्ता पर प्रतिदिन खाद्य निरीक्षक नज़र रखेंगे। स्वास्थ्य और आपात सेवाओं के लिए सिविल सर्जन को एम्बुलेंस, आवश्यक औषधियां, महिला और पुरुष चिकित्सकों की व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया है।

स्वच्छता और सुरक्षा रहेगी प्राथमिकता
आयोजन स्थल के आस-पास सफाई, चलंत शौचालय और पेयजल उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी पटना नगर निगम को सौंपी गई है। वहीं, खिलाड़ियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए दंडाधिकारी की निगरानी में पर्याप्त संख्या में महिला व पुरुष आरक्षी बल तैनात किए जाएंगे।

प्रशासन पूरी तरह सतर्क, सभी तैयारियां अंतिम चरण में
उपविकास आयुक्त श्री समीर सौरभ ने निर्देश दिया कि खिलाड़ियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए हर विभाग अपनी जिम्मेदारी का पूरी सजगता से निर्वहन करे। सभी पदाधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे समय से सभी तैयारियां पूर्ण कर लें और आयोजन के दौरान सतर्क रहें।

यह प्रतियोगिता ना केवल युवा खिलाड़ियों के लिए श्रेष्ठ मंच उपलब्ध कराएगी, बल्कि जिले में खेलों के प्रति नवचेतना और उत्साह का संचार भी करेगी।

यह भी पढ़े

अन्य खबरे