Friday, February 20, 2026
Homeबिहारबिहार बजट सत्र: पुलिस महकमे में 31,000 नई बहालियाँ, उद्योगों की सुरक्षा...

बिहार बजट सत्र: पुलिस महकमे में 31,000 नई बहालियाँ, उद्योगों की सुरक्षा के लिए बनेगी BISF की दो नई बटालियन

पटना, 20 फरवरी: बिहार विधानसभा के बजट सत्र के 14वें दिन शुक्रवार को गृह विभाग की अनुदान मांगों पर चर्चा के बाद बजट को सर्वसम्मति से स्वीकृति दी गई। सदन में गृह विभाग का पक्ष रखते हुए उप-मुख्यमंत्री सह गृह मंत्री सम्राट चौधरी ने बिहार की कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए कई क्रांतिकारी घोषणाएं कीं।

पुलिस बल में बम्पर बहाली और ‘पुलिस दीदी’ का गठन: गृह मंत्री ने घोषणा की कि राज्य में पुलिसिंग को मजबूत करने के लिए वर्ष 2026 में सिपाही, दरोगा और चालक के पदों पर बम्पर बहाली की जाएगी।

* 31,000 नई नियुक्तियाँ: पुलिस बल में जल्द ही 31,000 पदों पर बहाली प्रक्रिया शुरू होगी।

* अग्निवीरों को आरक्षण: सेना से सेवामुक्त होकर आने वाले ‘अग्निवीर’ जवानों को बिहार पुलिस की नियुक्तियों में आरक्षण दिया जाएगा।

* पुलिस दीदी: महिला सशक्तिकरण की दिशा में ‘पुलिस दीदी’ का गठन किया जाएगा। साथ ही महिला सिपाहियों के लिए 1300 नए आवास (यूनिट) बनाए जाएंगे।

BISF का गठन और अपराधियों के लिए “कालापानी” जेल: बिहार में औद्योगिक विकास को गति देने और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सरकार ने केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) की तर्ज पर BISF (Bihar Industrial Security Force) की दो नई बटालियन गठित करने का निर्णय लिया है।

इसके अतिरिक्त, खूंखार अपराधियों पर नकेल कसने के लिए राज्य के पहाड़ी इलाके में एक ‘हाई-सिक्योरिटी जेल’ बनाई जाएगी। सम्राट चौधरी ने इसे “कालापानी” की संज्ञा देते हुए कहा कि इसमें आने-जाने का केवल एक ही रास्ता होगा, जिससे जेल के अंदर से चलने वाले आपराधिक नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त किया जा सके।

अपराध के आंकड़ों पर बोले गृह मंत्री: बिहार कई पायदानों पर नीचेविपक्ष के वॉकआउट के बीच गृह मंत्री ने अपराध के तुलनात्मक आंकड़े पेश करते हुए दावा किया कि बिहार कई गंभीर अपराधों में देश के अन्य राज्यों की तुलना में बेहतर स्थिति में है:

* फिरौती हेतु अपहरण: बिहार देश में सबसे निचले पायदान पर।

* डकैती: देश में 31वां स्थान।

* बलात्कार व यौन उत्पीड़न: अपराध दर के मामले में बिहार 35वें स्थान पर।

* हत्या: बिहार का स्थान 11वां है।

आधुनिकीकरण और तकनीक पर जोर (AI & E-FIR): सरकार अब पुलिसिंग में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का उपयोग करेगी। गृह मंत्री ने बताया कि ई-एफआईआर (E-FIR) के माध्यम से आए 96.1% आवेदनों पर मामला दर्ज किया गया है।

साथ ही, अब हर थाने में एसपी (SP) जनता दरबार लगाएंगे, जिसकी सीधी मॉनिटरिंग मुख्यालय से की जाएगी।

जेल सुधार और शिक्षा: सम्राट चौधरी ने दावा किया कि बिहार जेल सुधार में देश का नेतृत्व कर रहा है। वर्तमान में राज्य की जेलों में सबसे अधिक कैदी शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं और इस वर्ष 1256 बंदी 10वीं की बोर्ड परीक्षा में शामिल होंगे।

अन्य महत्वपूर्ण घोषणाएं एक नजर में:

* इंफ्रास्ट्रक्चर: पुलिसकर्मियों के आवास के लिए 618 नए भवन (27 हजार क्षमता) बनाए जाएंगे।

* सुविधाएं: 1500 स्कूटी और 2500 मोटरसाइकिल की खरीद होगी।

* सभी पुलिस लाइनों में ‘जीविका दीदी रसोई’ और एक स्कूल खोला जाएगा।

* सुरक्षा: एसएसजी (SSG) में बम निरोधी दस्ते की व्यवस्था होगी और बिहटा में फायर सेफ्टी ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट कार्यरत होगा।

* नक्सलवाद: सरकार ने दावा किया कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार अब उग्रवाद मुक्त हो चुका है।

पप्पू यादव पर कटाक्ष: सांसद पप्पू यादव की गिरफ्तारी का जिक्र करते हुए गृह मंत्री ने कहा कि जो कहते थे पुलिस चींटी नहीं मार सकती, उन्हें एयरपोर्ट से उतरने के दो घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया गया। अब “हाथी” भी गिरफ्तार होकर अस्पताल जाते हैं।

यह भी पढ़े

अन्य खबरे