G-HMMWBCZ928
Sunday, November 22, 2026
HomeTop Storiesऑनलाइन गेम की गंदी आदत से नौसेना कर्मी बना देश का गद्दार

ऑनलाइन गेम की गंदी आदत से नौसेना कर्मी बना देश का गद्दार

ऑपरेशन सिंदूर सहित कई संवेदनशील सूचनाएं भेजीं पाकिस्तान, नौसेना भवन का UDC विशाल यादव गिरफ्तार

नई दिल्ली/जयपुर: देश की सुरक्षा में सेंध लगाने वाला एक और चौंकाने वाला मामला सामने आया है। राजस्थान पुलिस की खुफिया शाखा (सीआईडी-इंटेलिजेंस) ने बुधवार 25 जून को नौसेना भवन, दिल्ली में कार्यरत अपर डिविजन क्लर्क (UDC) विशाल यादव को पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी के लिए जासूसी करने के आरोप में गिरफ्तार किया है।

विशाल यादव, जो मूल रूप से पुनसिका, रेवाड़ी (हरियाणा) का निवासी है, को ‘शासकीय गुप्त बात अधिनियम 1923’ के तहत पकड़ा गया। पुलिस महानिरीक्षक (सीआईडी-सुरक्षा) विष्णु कांत गुप्ता ने बताया कि आरोपी सोशल मीडिया के माध्यम से पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी की एक महिला हैंडलर — जो ‘प्रिया शर्मा’ के नाम से संपर्क में थी — के संपर्क में था। महिला हैंडलर ने उसे पैसों का लालच देकर नौसेना भवन से रणनीतिक और गोपनीय सूचनाएं जुटाने को उकसाया।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि विशाल यादव ऑनलाइन गेम्स का आदी था और आर्थिक तंगी में था। इसी का फायदा उठाकर पाकिस्तानी एजेंट ने उसे फंसाया। वह क्रिप्टोकरेंसी के माध्यम से ‘यूएसडीटी’ और बैंक खातों में सीधे पैसे प्राप्त कर रहा था।

पुलिस के अनुसार, आरोपी के मोबाइल से बरामद चैट्स और दस्तावेजों से यह साफ हुआ है कि उसने “ऑपरेशन सिंदूर” सहित कई संवेदनशील सैन्य जानकारियां पाकिस्तानी महिला एजेंट को भेजी थीं। इस पूरे प्रकरण में कई केंद्रीय खुफिया एजेंसियां जयपुर के केंद्रीय पूछताछ केंद्र में विशाल से संयुक्त पूछताछ कर रही हैं।

जांच एजेंसियां अब इस बात का पता लगाने में जुटी हैं कि अब तक कितनी जानकारी लीक हुई है और इसमें और कौन-कौन शामिल हो सकता है। इस गिरफ्तारी से एक बार फिर यह साफ हो गया है कि साइबर माध्यमों के ज़रिए देश की सुरक्षा पर गंभीर खतरे मंडरा रहे हैं।

यह भी पढ़े

अन्य खबरे