डुमरांव (बक्सर): बिहार राज्य आंगनबाड़ी कर्मचारी यूनियन (एटक से सम्बद्ध) के बक्सर जिला अंतर्गत डुमरांव परियोजना का एक दिवसीय सम्मेलन नगर पालिका भवन, डुमरांव में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन राज्य अध्यक्ष श्रीमती चंद्रावती देवी ने किया, जबकि अध्यक्षता पिंकी कुमारी, कुमारी निशा और मंजू कुमारी की अध्यक्ष मंडली द्वारा की गई।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए राज्य अध्यक्ष चंद्रावती देवी ने कहा कि आईसीडीएस (ICDS) परियोजना के 50 वर्ष पूरे होने के बावजूद सेविका-सहायिकाओं को अब तक सरकारी कर्मचारी का दर्जा नहीं दिया गया है और न ही सम्मानजनक मानदेय मिल रहा है। उन्होंने कहा कि हक की लड़ाई लंबी है और इसके लिए मजबूत संगठन जरूरी है।
प्रदेश महासचिव कुमार विंदेश्वर सिंह ने राज्यकर्मी का दर्जा मिलने तक सेविका को 26,000 रुपये तथा सहायिका को 18,000 रुपये मासिक मानदेय देने की मांग उठाई। वहीं प्रदेश अंकेक्षक गौतम कुमार सिंह ने ग्रेच्युटी व मोबाइल संबंधी आदेश शीघ्र जारी करने तथा प्रत्येक केंद्र पर ऑनलाइन कार्य व एफआरएस (FRS) के बेहतर संचालन के लिए एक डाटा एंट्री ऑपरेटर बहाल करने की मांग की।
सम्मेलन में संगठन की मजबूती, सदस्यता नवीनीकरण और सभी 230 केंद्रों की सेविका-सहायिकाओं को जोड़ने का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम के अंत में सर्वसम्मति से 29 सदस्यीय नई परियोजना कमेटी का गठन किया गया।
नई परियोजना कमेटी के पदाधिकारी:
अध्यक्ष: कुमारी निशा
महासचिव: मंजू कुमारी
कोषाध्यक्ष: पिंकी देवी
उपाध्यक्ष: संगीता देवी एवं रम्भा देवी
सचिव: रीता देवी एवं संध्या देवी
