Monday, August 24, 2026
HomeTop Storiesशिक्षा भर्ती में मनमानी का आरोप: गर्दनीबाग में TRE-4 अभ्यर्थियों के धरने...

शिक्षा भर्ती में मनमानी का आरोप: गर्दनीबाग में TRE-4 अभ्यर्थियों के धरने में पहुंचे जन सुराज अध्यक्ष मनोज भारती

पटना
बिहार की राजधानी पटना स्थित गर्दनीबाग धरना स्थल पर TRE-4 के अभ्यर्थियों का प्रदर्शन जारी है। सोमवार को जन सुराज पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने धरना स्थल पहुंचकर छात्रों के आंदोलन को अपना पूर्ण समर्थन दिया। इस दौरान मनोज भारती ने अभ्यर्थियों की समस्याएं सुनीं और राज्य सरकार एवं बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) की कार्यप्रणाली पर तीखा हमला बोला।

TRE-4 में दो स्टेज परीक्षा पर उठाए सवाल

जन सुराज के प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती ने कहा कि सरकार विद्यार्थियों के भविष्य से खिलवाड़ कर रही है। TRE-4 की परीक्षा प्रक्रिया में अचानक बदलाव कर प्रीलिम्स और मेंस जैसी दो स्टेज परीक्षा लागू करना अनुचित है। उन्होंने तर्क दिया कि यदि सरकार को नियमों में बदलाव करना ही था तो इसे 2027 की परीक्षाओं से लागू किया जाना चाहिए था, न कि जारी प्रक्रियाओं पर। उन्होंने यूपीएससी का उदाहरण देते हुए कहा कि जब यूपीएससी हर साल अपना तय कैलेंडर पूरा कर सकती है तो बीपीएससी में देरी और अचानक नियम बदलाव क्यों किए जा रहे हैं?

उम्र सीमा और भर्ती चक्र पर निशाना

मनोज भारती ने कहा कि कई परीक्षाएं वर्षों तक आयोजित नहीं होती हैं। जो युवा 18 साल से तैयारी और उम्मीद में बैठे थे, वे अब ओवरएज हो चुके हैं। सरकार की ऐसी नीतियों से अभ्यर्थियों का भविष्य अंधकारमय हो रहा है।

जन सुराज पार्टी की प्रमुख मांगें

धरना स्थल पर पार्टी नेताओं ने अभ्यर्थियों के समर्थन में निम्नलिखित प्रमुख मांगें रखीं:

70वीं BPSC परीक्षा रद्द हो: परीक्षा में हुई गड़बड़ियों के मद्देनजर 70वीं BPSC परीक्षा को पूर्ण रूप से निरस्त किया जाए।

लंबित परीक्षाएं जल्द हों: बिहार कर्मचारी चयन आयोग (BSSC) द्वारा आयोजित इंटरमीडिएट स्तर, CGL, ASO और BSO जैसी लंबित भर्ती परीक्षाओं का आयोजन अविलंब कराया जाए।

वन कैंडिडेट, वन रिजल्ट: शिक्षक भर्ती (TRE) प्रक्रिया में ‘वन कैंडिडेट, वन रिजल्ट’ का नियम लागू किया जाए ताकि एक ही अभ्यर्थी का चयन कई सीटों पर होने से सीटें खाली न रहें।

सप्लीमेंट्री रिजल्ट का क्रियान्वयन: खाली रह गई सीटों को भरने के लिए पारदर्शी तरीके से सप्लीमेंट्री रिजल्ट जारी कर उसकी भर्ती प्रक्रिया पूरी की जाए।

मनोज भारती ने कहा कि यदि मुख्यमंत्री और शिक्षा मंत्री भ्रष्टाचार से मुक्त होकर काम करें, तभी राज्य की शिक्षा और भर्ती व्यवस्था दुरुस्त हो सकेगी। प्रदर्शन के दौरान जन सुराज के नेता ओबैदुर रहमान, ललन जी, रेमांशु सर, विवेक कुमार, अनुप मैथिल, राकेश पटेल और खुशबू पाठक भी उपस्थित रहे।

यह भी पढ़े

अन्य खबरे