बैकुंठपुर शिव मंदिर में श्रद्धा व उल्लास के साथ मनी गोवर्धन पूजा, उमड़ा आस्था का जनसैलाब
खुसरूपुर। खुसरूपुर थाना क्षेत्र स्थित सुप्रसिद्ध बैकुंठपुर (बैठकपुर) शिव मंदिर परिसर में गोवर्धन पूजा का त्योहार अत्यंत धूमधाम, श्रद्धा और उल्लास के वातावरण में संपन्न हुआ। इस पावन अवसर पर मंदिर प्रांगण में विशेष पूजा-अर्चना, आरती तथा विविध धार्मिक अनुष्ठानों का भव्य आयोजन किया गया।
सेवा संकल्प अभियान के तहत भाजपा कार्यकर्ताओं ने बैकठपुर मंदिर पर चलाया स्वच्छता अभियान
सोमवार सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं का आना शुरू हो गया, जो देर शाम तक निरंतर जारी रहा। भक्तों ने पारंपरिक रीति-रिवाजों का पालन करते हुए भगवान गोवर्धन की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और अपने परिवार की सुख, समृद्धि व आरोग्यता की मंगलकामना की। पूरे दिन मंदिर परिसर ‘जय श्री कृष्णा’ और ‘हर-हर महादेव’ के जयकारों से गुंजायमान रहा।

प्रशासनिक अधिकारियों व गणमान्य लोगों ने की पूजा-अर्चना धार्मिक अनुष्ठान के दौरान फतुहा एसडीपीओ-2 संजीव कुमार, इंस्पेक्टर संतोष कुमार, बैकुंठनाथ धाम ओपी प्रभारी संतोष कुमार एवं मंदिर न्यास समिति के सचिव राजाराम सिंह मुख्य रूप से उपस्थित रहे। प्रशासनिक अधिकारियों व स्थानीय प्रतिनिधियों ने भगवान के दर्शन कर विधिवत पूजा-अर्चना की तथा पूरे क्षेत्र में शांति, सौहार्द और समृद्धि के लिए प्रार्थना की।
सुरक्षा व व्यवस्था के रहे पुख्ता इंतजाम इस आयोजन के लिए मंदिर प्रबंधन और स्थानीय लोगों ने व्यवस्था बनाए रखने में सक्रिय भूमिका निभाई। भक्तिमय माहौल के बीच श्रद्धालुओं ने एक-दूसरे को गोवर्धन पूजा की बधाई व शुभकामनाएं दीं। मंदिर समिति के सुचारू प्रबंधन के कारण सभी भक्तों ने सुगमता से दर्शन-पूजन किया।
