स्वच्छता ही सेवा 2026’ अभियान के तहत सफाईमित्र सुरक्षा, सम्मान एवं स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन
पटना नगर निगम मुख्यालय में निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर, 11 चिकित्सा विशेषज्ञों ने सफाईकर्मियों की स्वास्थ्य जांच की
डायबिटीज, ब्लड प्रेशर, हाइपरटेंशन एवं कैंसर की स्क्रीनिंग के साथ बीमारियों से बचाव के प्रति किया गया जागरूक
30 सितंबर 2026। पटना
देशव्यापी ‘स्वच्छता ही सेवा 2026’ अभियान के अंतर्गत पटना नगर निगम द्वारा बुधवार को सफाईमित्र सुरक्षा एवं सम्मान शिविर का आयोजन किया गया। शहर की स्वच्छता व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले सफाईकर्मियों के स्वास्थ्य की सुरक्षा सुनिश्चित करने के और उनके योगदान के प्रति सम्मान व्यक्त करने लिए निगम द्वारा आयोजन किया गया।

इस अवसर पर पटना नगर निगम मुख्यालय में सफाईकर्मियों के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर लगाया गया, जिसमें 11 चिकित्सा विशेषज्ञों की टीम ने उनकी स्वास्थ्य जांच की। शिविर में डायबिटीज, ब्लड प्रेशर, हाइपरटेंशन एवं कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों की स्क्रीनिंग की गई। साथ ही, स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने सफाईकर्मियों को इन बीमारियों के शुरुआती लक्षणों, समय पर पहचान, नियमित जांच एवं बचाव के उपायों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
शिविर के दौरान सफाईकर्मियों को उनके स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं के अनुरूप आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श भी प्रदान किया गया। बदलते मौसम और स्वास्थ्य संबंधी सामान्य समस्याओं को ध्यान में रखते हुए उन्हें सर्दी-खांसी की दवाइयां एवं ओआरएस भी निःशुल्क उपलब्ध कराया गया।

पटना नगर निगम की इस पहल के माध्यम से सफाईकर्मियों को अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने और समय-समय पर स्वास्थ्य जांच कराने के लिए प्रेरित किया गया। शिविर में सफाईकर्मियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और निःशुल्क जांच एवं चिकित्सकीय परामर्श का लाभ उठाया।
पटना नगर निगम द्वारा ‘स्वच्छता ही सेवा 2026’ अभियान के तहत स्वच्छता के साथ-साथ सफाईकर्मियों की सुरक्षा, स्वास्थ्य और सम्मान को प्राथमिकता देते हुए विभिन्न गतिविधियां संचालित की जा रही हैं।
