पटना। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गुरुवार को बिहार में बड़े स्तर पर सेवा संकल्प एवं कायाकल्प अभियान की शुरुआत की। लोक सेवक आवास स्थित ‘संकल्प’ सभागार में आयोजित कार्यक्रम में सीएम ने इस अभियान के साथ-साथ ‘कायाकल्प’ पोर्टल और मोबाइल ऐप को भी लॉन्च किया।
सरकार का साफ निर्देश है कि पंचायत स्तर पर जो भी छोटे-छोटे विकास कार्य लंबित हैं, उन्हें हर हाल में 30 नवंबर 2026 तक पूरा कर लिया जाए। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा है कि कोशिश करें ये काम दीपावली से पहले ही निपट जाएं।
दो चरणों में होगा पूरा अभियान
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस अभियान के दो मुख्य हिस्से हैं।
पहले चरण में पहले से बनी हुई सरकारी संपत्तियों की मरम्मत, रंगाई-पुताई और सुदृढ़ीकरण किया जाएगा। इसमें स्कूल, आंगनबाड़ी केंद्र, सामुदायिक भवन, स्वास्थ्य केंद्र, अंबेडकर और कर्पूरी ठाकुर छात्रावास सहित सभी सार्वजनिक भवनों के लंबित काम शामिल हैं। इसकी डेडलाइन 30 नवंबर तय की गई है।
वहीं दूसरे चरण में नई आधारभूत संरचनाओं का निर्माण होगा, जिसे 31 मार्च 2027 तक पूरा करना है।
क्या है कायाकल्प पोर्टल?
कार्यक्रम में ग्रामीण विकास विभाग के अपर मुख्य सचिव एच.आर. श्रीनिवास ने पोर्टल का प्रेजेंटेशन दिया।
बुडको में वर्ल्ड बैंक की टीम के साथ बैठक, प्रबंध निदेशक ने सभी परियोजनाओं की दी विस्तृत जानकारी
मुख्यमंत्री ने बताया कि अब ग्रामीण विकास, स्वास्थ्य, शिक्षा, समाज कल्याण, पंचायती राज, PHED, नगर विकास, SC-ST और OBC कल्याण विभाग से जुड़ी सभी योजनाओं की पूरी जानकारी एक ही जगह ‘कायाकल्प पोर्टल’ पर मिलेगी। योजना कितनी पूरी हुई, कितनी बाकी है, इसकी लाइव मॉनिटरिंग पोर्टल और ऐप दोनों से हो सकेगी। इससे काम में तेजी आएगी और आम लोगों को सीधा फायदा मिलेगा।
उन्होंने सभी मंत्रियों को अपने-अपने विभाग के कार्यों की खुद मॉनिटरिंग करने और पंचायत प्रतिनिधियों व नगर निकायों को साथ लेकर चलने का निर्देश दिया।
मुख्यमंत्री राहत कोष में बिहार प्रदेश भाजपा की ओर से दिए गए 51 लाख रुपये, मुख्यमंत्री ने जताया आभार
मुख्यमंत्री ने कहा, “छोटी-छोटी योजनाओं से ही आम लोगों को बड़ी राहत मिलती है। जहां लोगों को दिक्कत हो रही है, वहीं काम कराना ही इस अभियान का मकसद है। इसके सफल होने से छोटे कार्यों का निष्पादन होगा और लोग संतुष्ट होंगे।”
इस मौके पर उप मुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार, स्वास्थ्य मंत्री निशांत, नगर विकास मंत्री नीतीश मिश्रा सहित मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, विकास आयुक्त मिहिर कुमार सिंह और सभी जिलों के डीएम वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से जुड़े रहे।
