Wednesday, July 15, 2026
HomeTop Storiesनवस्थापित 211 डिग्री कॉलेजों में पठन-पाठन का शुभारंभ, नगरनौसा में भी शुरू...

नवस्थापित 211 डिग्री कॉलेजों में पठन-पाठन का शुभारंभ, नगरनौसा में भी शुरू हुई शैक्षणिक गतिविधियां

नगरनौसा (नालंदा), 15 जुलाई।
बिहार सरकार द्वारा नवस्थापित 211 डिग्री कॉलेजों में आज से पठन-पाठन कार्य का शुभारंभ किया गया। यह दिन उच्च शिक्षा के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक उपलब्धि के रूप में दर्ज हुआ। बिहार के माननीय मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी जी ने राज्यभर के इन महाविद्यालयों में शैक्षणिक गतिविधियों का शुभारंभ किया।

राजकीय डिग्री महाविद्यालय, नगरनौसा में फिलहाल अस्थायी व्यवस्था के तहत मगध विद्यापीठ, उस्मानपुर-लोदीपुर परिसर में पठन-पाठन प्रारंभ किया गया है। इस अवसर पर स्थानीय विधायक एवं पूर्व मंत्री श्री हरिनारायण सिंह ने घोषणा की कि महाविद्यालय का स्थायी भवन नगरनौसा प्रखंड मुख्यालय में बनाया जाएगा।

अपने संबोधन में श्री सिंह ने कहा कि एनडीए सरकार गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आधुनिक शैक्षणिक सुविधाओं तथा विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि इस महाविद्यालय के प्रारंभ होने से क्षेत्र के छात्र-छात्राओं को स्नातक की पढ़ाई के लिए दूर-दराज के शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा और उन्हें अपने क्षेत्र में ही उच्च शिक्षा का अवसर मिलेगा।

महाविद्यालय के संस्थापक प्राचार्य डॉ. संजय कुमार ने कहा कि यह संस्थान विद्यार्थियों के सपनों को साकार करने का माध्यम बनेगा तथा यहां से शिक्षित होकर छात्र-छात्राएं समाज और राष्ट्र के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देंगे। उन्होंने क्षेत्र के अभिभावकों एवं विद्यार्थियों से अधिक से अधिक संख्या में नामांकन लेने की अपील की। उन्होंने बताया कि पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर 15 जुलाई से 18 जुलाई तक ऑनलाइन नामांकन आवेदन किया जा सकता है तथा यह नामांकन का अंतिम अवसर है।

इस अवसर पर पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक डॉ. मनोज कुमार, सीनेट सदस्य अजय यादव, महाविद्यालय की प्राध्यापिका डॉ श्रुति, हिलसा अनुमंडल की भूमि सुधार उप समाहर्ता रश्मि,भाजपा नगरनौसा के मंडल अध्यक्ष अभयानंद पांडे सहित अनेक जनप्रतिनिधि, शिक्षाविद, प्रशासनिक अधिकारी एवं स्थानीय गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

यह भी पढ़े

अन्य खबरे