Tuesday, May 19, 2026
HomeTop Storiesनालंदा महिला दुर्व्यवहार मामला: जन सुराज का सरकार के साथ विपक्ष पर...

नालंदा महिला दुर्व्यवहार मामला: जन सुराज का सरकार के साथ विपक्ष पर तीखा हमला

पटना/नालंदा | 2 अप्रैल 2026
​नालंदा जिले के नूरसराय में एक विवाहिता के साथ हुई बर्बरता और सार्वजनिक दुर्व्यवहार के मामले ने अब तूल पकड़ लिया है। गुरुवार को जन सुराज के वरिष्ठ नेता और पूर्व विधायक किशोर कुमार मुन्ना के नेतृत्व में एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने पीड़िता के गाँव पहुँचकर परिजनों से मुलाकात की।

इस दौरान किशोर कुमार मुन्ना ने नीतीश सरकार की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े करते हुए विपक्ष की चुप्पी को भी आड़े हाथों लिया।

​”बेटियों का दर्द मुख्यमंत्री तभी समझते, जब उनकी अपनी बेटी होती”

​घटनास्थल पर परिजनों का ढांढस बंधाते हुए किशोर कुमार मुन्ना ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर सीधा और निजी हमला बोला। उन्होंने कहा, “यह मुख्यमंत्री का गृह जिला और ज्ञान की पावन भूमि है, जहाँ बेटियों की अस्मत लूटी जा रही है। नीतीश जी का एक बेटा है, जिसे वे राजसिंहासन पर बैठाने की तैयारी में हैं। शायद उनकी अपनी बेटी होती, तो उन्हें इन पीड़ित बेटियों का दर्द समझ में आता।” उन्होंने आरोप लगाया कि अपराधी खुलेआम घूम रहे हैं और पुलिस प्रशासन केवल ‘आईवॉश’ (खानापूर्ति) कर रहा है।

तेजस्वी यादव की चुप्पी पर उठाए सवाल
​जन सुराज ने न केवल सत्ता पक्ष, बल्कि विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव को भी कटघरे में खड़ा किया। मुन्ना ने तीखे लहजे में पूछा, “नेता प्रतिपक्ष अब तक खामोश क्यों हैं? वे घटनास्थल पर आकर प्रतिरोध क्यों नहीं दर्ज कराते? बिहार की माँ-बहनें उनसे पूछ रही हैं कि वे आखिर उनकी आवाज कब बनेंगे?” उन्होंने कहा कि बिहार में मणिपुर जैसी घटनाओं की पुनरावृत्ति हो रही है और विपक्ष केवल मूकदर्शक बना हुआ है।

​NDA को ‘अगले मुख्यमंत्री’ की चिंता, कानून-व्यवस्था भगवान भरोसे
​गृह मंत्री और डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी पर हमला बोलते हुए जन सुराज के नेता ने कहा कि पिछले तीन महीनों में बिहार का ऐसा कोई कोना नहीं बचा जहाँ आपराधिक वारदातें न हुई हों। उन्होंने कहा कि NDA और भाजपा के नेता इस बात में व्यस्त हैं कि बिहार का अगला मुख्यमंत्री कौन बनेगा, जबकि आम जनता अपराधियों के रहमों-करम पर है।

शीतला मंदिर हादसा: प्रशासनिक विफलता का परिणाम
​नालंदा प्रवास के दौरान जन सुराज की टीम मां शीतला मंदिर भी पहुँची, जहाँ हाल ही में भगदड़ की घटना हुई थी। किशोर कुमार मुन्ना ने इसे पूरी तरह प्रशासनिक फेल्योर करार दिया। उन्होंने कहा कि जब प्रशासन को पता था कि चैत के अंतिम मंगलवार को भारी भीड़ उमड़ती है, तो सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम क्यों नहीं किए गए?

प्रतिनिधिमंडल में शामिल प्रमुख चेहरे:
इस दौरे में बिहार मीडिया प्रभारी ओबैदुर रहमान, पद्मा ओझा, इंदु सिन्हा, सोनाली आनंद, अनूप मैथिल, आदित्य कुमार, उपेंद्र कुमार विभूति और अन्य वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे।

यह भी पढ़े

अन्य खबरे