पटना। राजधानी के कंकड़बाग स्थित प्रसिद्ध जलेश्वर महादेव मंदिर में रामनवमी के पावन अवसर पर शुक्रवार को भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला। प्रभु श्रीराम के जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में मंदिर परिसर में भव्य ध्वजारोहण कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालुओं ने हिस्सा लेकर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की।
कार्यक्रम की शुरुआत वैदिक मंत्रोच्चार और विधिवत पूजा-अर्चना के साथ हुई। जलेश्वर महादेव मंदिर न्यास समिति के सचिव श्री अजय यादव एवं पूर्व सचिव डॉ. ब्रजभूषण शर्मा ने भगवान शिव और मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम की आराधना की और ध्वजारोहण कर उत्सव का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में कॉलेज ऑफ कॉमर्स, आर्ट्स एंड साइंस के राजनीति विज्ञान विभागाध्यक्ष प्रो. संजय कुमार भी उपस्थित रहे।
आध्यात्मिक ऊर्जा और सामाजिक एकता का संदेश
रामनवमी के इस विशेष आयोजन ने पूरे क्षेत्र को भक्तिमय कर दिया। कार्यक्रम में न्यास समिति के सदस्य श्री दिनेश यादव, श्री रामनाथ सिंह, श्री डी. एन. पाण्डेय, श्री सोनु कुमार एवं श्री आकाश कुमार उर्फ बिट्टू सहित कई प्रमुख कार्यकर्ताओं और स्थानीय निवासियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
न्यास समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि इस प्रकार के आयोजनों का उद्देश्य नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति से जोड़ना और समाज में शांति व एकता का संदेश देना है। मंदिर परिसर में दिनभर श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा और ‘जय श्री राम’ के नारों से वातावरण गुंजायमान रहा।
