Sunday, March 22, 2026
HomeTop Storiesदीपों की लौ से जगमगाया पटना का गंगा तट: बिहार दिवस और...

दीपों की लौ से जगमगाया पटना का गंगा तट: बिहार दिवस और विश्व जल दिवस पर महाआरती के साथ ‘जल महोत्सव’ का भव्य समापन

पटना, 22 मार्च 2026: राजधानी पटना के गांधी घाट और एनआईटी घाट आज भक्ति, परंपरा और पर्यावरण संरक्षण के अनूठे संगम के गवाह बने। अवसर था विश्व जल दिवस, बिहार दिवस और जल महोत्सव (8-22 मार्च) के समापन समारोह का, जिसे चैत्र छठ पर्व की पूर्व संध्या पर ‘गंगा स्वच्छता पखवाड़ा’ के तहत एक भव्य दीपोत्सव और गंगा आरती के रूप में मनाया गया।

जिला गंगा समिति (नमामि गंगे) द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम ने पूरे घाट परिसर को आध्यात्मिक ऊर्जा और अलौकिक प्रकाश से सराबोर कर दिया।

मंत्रोच्चार और दीपोत्सव से गुंजायमान हुआ वातावरण
​कार्यक्रम का शुभारंभ विधिवत गंगा पूजन और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हुआ। इसके पश्चात सैकड़ों दीपों को एक साथ प्रज्वलित किया गया, जिससे गंगा की लहरों पर सुनहरी आभा बिखर गई। उपस्थित जनसमूह ने जब मां गंगा की आरती उतारी, तो जयकारों से पूरा वातावरण गूंज उठा। यह आयोजन न केवल एक धार्मिक अनुष्ठान था, बल्कि जल संरक्षण और स्वच्छता के प्रति एक सामूहिक संकल्प का प्रतीक भी बना।

इस अवसर पर जिला पदाधिकारी डॉ. त्यागराजन एस. एम. (IAS) ने अपने संदेश में कहा:

​”गंगा हमारी केवल एक नदी नहीं, बल्कि सांस्कृतिक और सामाजिक विरासत है। ‘नमामि गंगे’ अभियान की सफलता तभी संभव है, जब हर नागरिक अपनी जिम्मेदारी समझे और गंगा की निर्मलता के लिए सक्रिय भागीदारी निभाए।”

​वहीं, उप विकास आयुक्त श्री श्रीकांत कुण्डलिक खांडेकर (IAS) ने पर्यावरण संरक्षण में समाज की भूमिका पर जोर देते हुए कहा कि ऐसे आयोजन सकारात्मक बदलाव लाने में सहायक होते हैं।

त्रिवेणी संगम: पर्व, पर्यावरण और प्रदेश का सम्मान
​कार्यक्रम के नोडल अधिकारी श्री दीपेन्द्र मणि (जिला परियोजना पदाधिकारी) ने बताया कि इस वर्ष यह एक सुखद संयोग है कि बिहार दिवस, विश्व जल दिवस और चैत्र छठ की पूर्व संध्या एक साथ पड़ी है। उन्होंने जोर दिया कि आज के समय में देश और विश्व को जल संकट से बचाने के लिए जल संरक्षण नितांत आवश्यक है।

स्वच्छता का लिया गया सामूहिक संकल्प
​कार्यक्रम के समापन पर जिला प्रशासन के अधिकारियों, सामाजिक संगठनों और बड़ी संख्या में उपस्थित छात्र-छात्राओं ने गंगा को स्वच्छ रखने, प्लास्टिक का उपयोग बंद करने और जल की हर बूंद को बचाने का सामूहिक संकल्प लिया। इस दौरान राज्य परियोजना सहायक (SPMG) श्री पवन कुमार सौरभ, श्री बब्लू कुमार सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

यह भी पढ़े

अन्य खबरे