निर्मली/सुपौल | 10 मार्च 2026
बिहार के मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार ने अपनी ‘समृद्धि यात्रा’ के क्रम में आज सुपौल जिले को विकास योजनाओं की बड़ी सौगात दी। मुख्यमंत्री ने निर्मली में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम के दौरान 570 करोड़ रुपये की लागत वाली कुल 213 विकास योजनाओं का रिमोट के माध्यम से उद्घाटन और शिलान्यास किया। इसमें 135 करोड़ की 129 योजनाओं का लोकार्पण और 335 करोड़ की 84 नई योजनाओं की आधारशिला शामिल है।
बाढ़ से मिलेगी मुक्ति: निर्मली रिंग बांध का जीर्णोद्धार
यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री ने निर्मली स्थित रिंग बांध (सिपाही चौक) के जीर्णोद्धार कार्य का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने कहा, “निर्मली रिंग बांध का काम बेहतर ढंग से कराया गया है, जिससे अब यह शहर पूरी तरह सुरक्षित हो गया है। हर साल बरसात में डूबने वाले निर्मली के लोगों को अब जलजमाव की समस्या से स्थायी निजात मिलेगी।”
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि निर्माणाधीन सभी परियोजनाओं को निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ पूर्ण करें।
प्रमुख योजनाओं पर एक नजर:
- जल संसाधन: सिकरहट्टा-मझारी निम्न बांध, डगमरा मार्जिनल बांध और निर्मली घेरा बांध की मरम्मति एवं सड़क निर्माण।
- नदी प्रबंधन: छातापुर और त्रिवेणीगंज में सुरसर नदी के प्रवाह को सुचारू बनाने के लिए अवरोध हटाने का कार्य।
- इंफ्रास्ट्रक्चर: वीरपुर में निबंधन कार्यालय, सुपौल स्टेडियम का सौंदर्गीकरण, बाबा तिल्हेश्वरनाथ मंदिर का जीर्णोद्धार और विभिन्न बाजारों (त्रिवेणीगंज, पिपरा) में बाईपास व फ्लाईओवर का निर्माण।
लाभार्थियों को सौंपी चाबियाँ और चेक
निर्मली अनुमंडल कार्यालय मैदान में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों के स्टॉल्स का अवलोकन किया और लाभार्थियों को सीधे लाभ प्रदान किया:
- जीविका समूह: 16,058 स्वयं सहायता समूहों को 186.58 करोड़ रुपये का बैंक लिंकेज चेक।
- लघु उद्यमी योजना: 705 लाभार्थियों को प्रथम किस्त के रूप में 3.52 करोड़ रुपये का चेक।
- सामाजिक सुरक्षा: दिव्यांगजनों को ट्राई-साइकिल, आयुष्मान कार्ड और बिहार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड का वितरण।
- इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी, जल संसाधन मंत्री श्री विजय कुमार चौधरी, ऊर्जा मंत्री श्री बिजेंद्र प्रसाद यादव सहित मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, डीजीपी विनय कुमार और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
