G-HMMWBCZ928
Tuesday, November 17, 2026
Homeखुसरूपुर रेलवे स्टेशन पर पानी के लिए मचा हाहाकार, रेल यात्री और...

खुसरूपुर रेलवे स्टेशन पर पानी के लिए मचा हाहाकार, रेल यात्री और रेलकर्मी बेहाल

बिष्णु नारायण चौबे 

खुसरूपुर (पटना)। दानापुर रेल मंडल अंतर्गत खुसरूपुर रेलवे स्टेशन पर बीते दो दिनों से पेयजल संकट गहराता जा रहा है। स्टेशन पर पानी की आपूर्ति ठप होने से यात्रियों के साथ-साथ रेलवे कर्मचारी और रेल पुलिसकर्मी भी भारी परेशानी का सामना कर रहे हैं।

जानकारी के अनुसार, स्टेशन पर लगे हैंडपंप और पाइपलाइन से पानी की सप्लाई अचानक बंद हो गई है। बताया जा रहा है कि यह समस्या तकनीकी गड़बड़ी के कारण उत्पन्न हुई है। स्थिति यह है कि प्लेटफॉर्म पर रुकी ट्रेनों से उतरने वाले यात्रियों को पीने के लिए पानी तक उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। मजबूरन लोग महंगे दामों पर बोतलबंद पानी खरीदकर अपनी प्यास बुझा रहे हैं।

पानी की कमी से यात्रियों को शौचालय का उपयोग करने में भी दिक्कत हो रही है। स्टेशन परिसर में मौजूद शौचालयों में पानी उपलब्ध नहीं रहने से यात्रियों को बेहद असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।

रेलवे कर्मियों का कहना है कि इस संकट से वे और उनके परिवारजन भी अछूते नहीं हैं। स्टेशन परिसर स्थित रेलवे आवासों और रेल पुलिस बल के क्वार्टरों में भी नल सूखे पड़े हैं। इस कारण महिलाओं और बच्चों को सबसे ज्यादा कठिनाई उठानी पड़ रही है।

इस समस्या को लेकर स्थानीय रेलकर्मियों और यात्रियों ने कई बार स्टेशन मास्टर और मंडल के वरीय अधिकारियों को सूचित किया है, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। लोगों का कहना है कि यदि शीघ्र ही पानी की आपूर्ति बहाल नहीं की गई तो स्थिति और विकट हो सकती है।

स्थानीय नागरिकों और यात्रियों ने रेलवे प्रशासन से तत्काल पहल करने और पानी की आपूर्ति दुरुस्त करने की मांग की है।

यह भी पढ़े

अन्य खबरे