Tuesday, February 24, 2026
Homeबिहारबिहार में कानून व्यवस्था मजबूत करने को नई सरकार ने उठाए बड़े...

बिहार में कानून व्यवस्था मजबूत करने को नई सरकार ने उठाए बड़े कदम: 1,300 माफियाओं की संपत्ति कुर्की प्रक्रिया में

2,000 स्कूटी पर महिला पुलिस की तैनाती

पटना, 27 नवंबर: बिहार में नई सरकार के गठन के बाद राज्य की कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए बड़े और असरदार कदम उठाए जा रहे हैं। पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) विनय कुमार ने आज बताया कि राज्य में माफिया और संगठित अपराध के खिलाफ कड़ा अभियान तेज कर दिया गया है। 

डीजीपी ने कहा कि अपराधियों की आर्थिक कमर तोड़ने के उद्देश्य से अब तक 400 कुख्यात अपराधियों की अवैध संपत्तियों की कुर्की के प्रस्ताव न्यायालय में भेजे जा चुके हैं। इसके साथ ही करीब 1,200 से 1,300 और माफियाओं की संपत्तियों से जुड़ा दस्तावेज एकत्र कर कानूनी कार्रवाई की तैयारी हो रही है। यह सूची शराब, बालू, जमीन माफिया, कॉन्ट्रैक्ट किलर और संगठित अपराध से जुड़े बड़े अपराधियों की है। 

विनय कुमार ने स्पष्ट किया कि गिरफ्तारी से आगे बढ़कर अपराध की आर्थिक जड़ों पर निशाना बनाए बिना अपराधी संजाल को खत्म नहीं किया जा सकता। इससे माफियाओं के फंडिंग नेटवर्क पूरी तरह प्रभावित होंगे और अपराध पर सख्त प्रहार होगा।

महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सरकार ने खास पहल की है। डीजीपी ने बताया कि ‘एंटी-रोमियो’ स्क्वाड की तर्ज पर 2,000 नई स्कूटी पर महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती कर स्कूल-कॉलेज इलाकों में नियमित गश्त बढ़ाई जाएगी। लड़कियों के साथ छेड़छाड़, उत्पीड़न या पीछा करने पर तत्काल शून्य सहनशीलता नीति लागू होगी, जिससे महिलाओं की सुरक्षा बेहतर और सशक्त होगी।

गृह मंत्री सम्राट चौधरी के मार्गदर्शन में शुरू हुई यह कार्रवाई कानून-व्यवस्था सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता का परिचायक है। अवैध कब्जा, माफिया संपत्तियों पर बुलडोजर, और संगठित अपराधियों की पहचान जैसे कदम बिहार प्रशासन में बड़े बदलाव की दिशा में पहला मुकाम साबित हो रहे हैं। 

यह पहल बिहार को अपराधमुक्त और सुरक्षित राज्य बनाने की दिशा में निर्णायक साबित होगी।

यह भी पढ़े

अन्य खबरे