पटना प्रमंडल के आयुक्त डॉ. चन्द्रशेखर सिंह के निर्देश पर बुधवार को पटना शहर में तीसरे दिन भी अतिक्रमण उन्मूलन के लिए मल्टी-एजेंसी विशेष अभियान चलाया गया। यह कार्रवाई नगर निगम, यातायात पुलिस, राजस्व विभाग, पुलिस विभाग सहित विभिन्न एजेंसियों के समन्वय से की गई।
आयुक्त डॉ. सिंह ने सभी अनुमंडल पदाधिकारियों (एसडीओ) और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों (एसडीपीओ) को स्पष्ट निर्देश दिया कि अतिक्रमण के विरुद्ध सख्ती से कार्रवाई की जाए और पुनः अतिक्रमण की संभावना को रोकने के लिए फॉलो-अप टीम सक्रिय रखी जाए।
आज की प्रमुख कार्रवाई:
नूतन राजधानी अंचल:
जीपीओ गोलम्बर से स्टेशन गोलम्बर, बुद्धा पार्क और चिरैयाँटाड़ पुल क्षेत्र से अस्थायी अतिक्रमण हटाया गया। ₹15,000 जुर्माना वसूला गया।
बांकीपुर अंचल:
खेतान मार्केट, अशोक राजपथ से अतिक्रमण हटाकर ₹38,500 जुर्माना वसूला गया। एक ठेला जब्त किया गया।
पटना सिटी अंचल:
चौक थाना से मारूफगंज होते हुए मालसलामी रेलवे लाइन तक अतिक्रमण हटाया गया। ₹2,000 जुर्माना और स्क्रैप सामग्री जब्त की गई।
फुलवारीशरीफ:
शहीद भगत सिंह गोलम्बर से FCI मोड़ तक अवैध कब्जा हटाया गया और सड़क से 40 बैनर-पोस्टर, ठेले और मलबा जब्त किया गया। ₹11,500 जुर्माना वसूला गया।
आज के अभियान में कुल ₹67,000 का जुर्माना वसूला गया।
गठित मॉनिटरिंग सेल
अभियान की निगरानी के लिए जिला पदाधिकारी डॉ. त्यागराजन एस.एम. के निर्देश पर पांच सदस्यीय मॉनिटरिंग सेल का गठन किया गया है, जिसमें पुलिस अधीक्षक (यातायात), अपर नगर आयुक्त और सिटी मजिस्ट्रेट शामिल हैं।
आयुक्त का सख्त संदेश
आयुक्त ने दोहराया कि यह अभियान नियमित रूप से जारी रहेगा और पुनः अतिक्रमण करने वालों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिया कि यातायात व्यवस्था बाधित ना हो, यह सुनिश्चित किया जाए और थाने की डायरी में अभियान का विस्तृत विवरण दर्ज हो।
वरीय पुलिस अधीक्षक श्री कार्तिकेय के. शर्मा और नगर आयुक्त श्री अनिमेष कुमार पराशर के निर्देशन में यह अभियान विभिन्न अंचलों में चलाया गया। आयुक्त ने सभी संबंधित विभागों को समन्वय बनाकर कार्य करने और अतिक्रमण हटाने के अभियान को “तार्किक परिणति” तक पहुँचाने का निर्देश दिया।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि प्रशासन “शून्य सहिष्णुता” की नीति पर काम कर रहा है और यातायात बाधा, अतिक्रमण या कानून के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
