Monday, February 23, 2026
Homeगांधी मैदान और श्रीकृष्ण मेमोरियल हॉल का आरक्षण ऑनलाइन बुकिंग से

गांधी मैदान और श्रीकृष्ण मेमोरियल हॉल का आरक्षण ऑनलाइन बुकिंग से

ऑनलाइन बुकिंग की सुविधा से गांधी मैदान और श्रीकृष्ण मेमोरियल हॉल का आरक्षण अब होगा और भी सहज
आयुक्त कार्यालय, पटना प्रमंडल द्वारा वेबसाइट का लोकार्पण

पटना | बुधवार, 6 अगस्त 2025

पटना प्रमंडल के आयुक्त एवं श्रीकृष्ण स्मारक विकास समिति के अध्यक्ष डॉ. चंद्रशेखर सिंह ने आज एक महत्वपूर्ण पहल के तहत गांधी मैदान, पटना एवं श्रीकृष्ण मेमोरियल हॉल, पटना की ऑनलाइन बुकिंग व्यवस्था की शुरुआत की। उन्होंने अपने कार्यालय कक्ष से वेबसाइट https://sksvs.bihar.gov.in का विधिवत लोकार्पण करते हुए कहा कि यह सुविधा आम जनता के लिए न केवल सहूलियतपूर्ण होगी, बल्कि प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता भी लाएगी।

डॉ. सिंह ने बताया कि अब इच्छुक व्यक्ति या संस्थान घर बैठे ही वेबसाइट के माध्यम से गांधी मैदान एवं श्रीकृष्ण मेमोरियल हॉल के आरक्षण हेतु आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए 1000 रुपए निबंधन शुल्क के रूप में जमा करना होगा। उन्होंने कहा कि यह पहल विशेष रूप से उन लोगों के लिए राहत भरी है, जो पटना से बाहर रहते हैं और आयोजन हेतु स्थान की बुकिंग के लिए भौतिक रूप से उपस्थित नहीं हो सकते।

आयुक्त ने जानकारी दी कि नई वेबसाइट को यूजर-फ्रेंडली और मोबाइल-फ्रेंडली बनाया गया है, ताकि लोग इसे अपने एंड्रॉइड फोन से भी आसानी से एक्सेस कर सकें। इसका इंटरफेस आकर्षक, रिस्पॉन्सिव और आधुनिक तकनीकों से सुसज्जित है। इसके संचालन, होस्टिंग तथा रखरखाव के लिए भी मजबूत तकनीकी व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।

उन्होंने बताया कि वेबसाइट का कुछ समय पूर्व ड्राफ्ट मोड में प्रजेंटेशन किया गया था, और आज इसे आम उपयोग के लिए पूरी तरह लॉन्च किया गया है। वेबसाइट के माध्यम से आरक्षण की तिथियों, शुल्क और अन्य जरूरी सूचनाएँ बहुत ही सरलता से प्राप्त की जा सकती हैं।

डॉ. सिंह ने कहा कि श्रीकृष्ण स्मारक विकास समिति एक लोकहितैषी संस्था है और इसके बेहतर संचालन के लिए सभी संबंधित पक्षों को सक्रिय एवं दृढ़संकल्पित रहना होगा। उन्होंने प्रशासन की प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि आम जनता को सर्वोत्तम सुविधा उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।

उद्घाटन समारोह के दौरान आयुक्त के सचिव श्री विनय कुमार ठाकुर, संयुक्त आयुक्त श्री मनोज चौधरी, एनआईसी पटना के उप निदेशक (आईटी) श्री अभिषेक कुमार सहित श्रीकृष्ण स्मारक विकास समिति के अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।

यह भी पढ़े

अन्य खबरे