पटना। बिहार पुलिस ने राज्यभर में अपराध और आपराधिक गिरोहों पर लगाम कसने के लिए बड़ी कार्रवाई शुरू की है। इस अभियान के तहत 1,300 से अधिक कुख्यात अपराधियों और माफिया की संपत्तियों पर कानूनी शिकंजा कसा जा रहा है।
पुलिस मुख्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, इन संपत्तियों को अपराध से अर्जित अवैध कमाई का हिस्सा मानते हुए जब्ती की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। कई जिलों में पुलिस-प्रशासन की संयुक्त टीम ने अब तक करोड़ों रुपये की अचल संपत्तियों को कुर्क किया है।
अधिकारियों ने बताया कि यह अभियान पूरी तरह निष्पक्ष है और किसी भी राजनीतिक या सामाजिक दबाव में नहीं चलेगा। संपत्ति जब्ती की कार्रवाई उन मामलों में की जा रही है, जहां पुलिस जांच और सबूतों से यह स्पष्ट हो गया है कि जमीन, मकान या अन्य संसाधन अपराध की कमाई से खरीदे गए हैं।
पुलिस का कहना है कि इस सख्त कार्रवाई का मकसद अपराधियों के आर्थिक तंत्र को तोड़ना है, ताकि वे दोबारा संगठित होकर अपराध की दुनिया में सक्रिय न हो सकें।
सूत्रों के मुताबिक, जिन 1,300 से अधिक अपराधियों की लिस्ट तैयार की गई है, उनमें कई कुख्यात गैंगस्टर, भूमि माफिया, शराब और मादक पदार्थ तस्कर, साथ ही रंगदारी वसूलने वाले गिरोहों के सरगना शामिल हैं।
