पटना। जिलाधिकारी पटना त्यागराजन एस एम द्वारा भू-माफियाओं के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी है। फुलवारीशरीफ अंचल में श्रीमती सीमा कुमारी (पति धीरज कुमार, टडवाँ डिहरी) के खिलाफ फर्जी सेल डीड से दाखिल-खारिज (वाद संख्या 10968/2024-25) कराने का मामला सामने आया, जिसकी प्राथमिकी (केस 110/26) परसा बाजार थाने में दर्ज हो गई। DM ने इसे गंभीर अपराध बताते हुए जाली दस्तावेजों से छेड़छाड़ बर्दाश्त न करने की चेतावनी दी।
जमाबंदी रद्द, कर्मचारी पर शिकंजा: जांच में अवर निबंधन कार्यालय का कूटरचित दस्तावेज पाए जाने पर भूमि सुधार उप समाहर्ता और अपर समाहर्ता को निर्देश दिए गए। प्रक्रिया पूरी कर उक्त दाखिल-खारिज से बनी जमाबंदी रद्द कर दी गई। इस मामले से जुड़े राजस्व कर्मचारी सोनू कुमार को तत्काल निलंबित कर प्रपत्र ‘क’ गठित किया गया, विभागीय जांच शुरू।
जीरो टॉलरेंस नीति, माफियाओं पर नकेल: DM ने राजस्व कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त न करने और जीरो टॉलरेंस पर जोर दिया। सभी अंचल कार्यालयों में हाई-एंड सीसीटीवी लग रही हैं, दलाल-मुंशियों का प्रवेश वर्जित। क्षेत्र भ्रमण में ऐसे तत्व मिलने पर अंचलाधिकारी धोखाधड़ी, षड्यंत्र व सरकारी कार्य में बाधा की BNS धाराओं में FIR दर्ज कराएंगे। कर्मचारियों की संलिप्तता पर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित।
अन्य माफियाओं पर भी निर्देश: अनुमंडल पदाधिकारियों व पुलिस को भू-माफिया, शराब माफिया व बालू माफिया के खिलाफ विधि-सम्मत कार्रवाई के आदेश। भूमि विवादों में सूक्ष्म निगरानी, हिस्ट्री शीट जांच, प्राथमिक सूचना व योजनाबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश। राज्य सरकार के आदेशों से पारदर्शी राजस्व प्रशासन बनेगा।
